रांची : तमाड़ थाना पुलिस ने दो अपराधियों को कार्तिक मुंडा और सुरेन्द्र मुंडा गिरफ्तार किया है। इनके पास से घटना में प्रयोग किया गया टांगी बरामद किया गया है।
ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि दुर्गाचरण मुंडा देवड़ी मंदिर के नजदीक स्थित पंजाब नेशनल बैंक से पैसा निकालने गये थे। वापस नहीं आने पर दोपहर 12:00 बजे तक घर नहीं आये तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरु की। इसी क्रम में आहिर टीकर गांव के करीब 500 मीटर की दूरी पर दुर्गाचरण मुंडा का शव बरामद किया गया। इस संबंध में 27 मई को मृतक के पिता करमचंद्र मुंडा ने थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ अजय कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर दो अपराधियों को गिरफ्तार किया। दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पूछताछ में गिरफ्तार अपराधी कार्तिक मुंडा ने बताया कि उसे टीबी की बीमारी हो गयी थी। जब तांत्रिक को दिखाया तो तांत्रिक ने बताया कि दुर्गाचरण के जरिये जादू टोना कर दिया गया है। इस वजह से तुम्हें टीबी की बीमारी हो गयी है। इस वजह से गुस्से में आकर अपने दोस्त सुरेन्द्र के साथ मिलकर टांगी से मारकर हत्या कर दी।


