spot_img

Bhagalpur : राजकीय विद्यालय एक सप्ताह से है बंद, नौनिहालों की जिंदगी से हो रहा खिलवाड़

भागलपुर: (Bhagalpur) बिहार में भागलपुर जिले के नाथनगर स्थित राजकीय मुनिराम खेतान मध्य विद्यालय बीते एक सप्ताह से बंद हैं।विद्यालय में बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह से बन्द है। प्रधानाचार्य ने आरोप लगाया है कि पास के ही विक्रांत कुमार ने विद्यालय में घुसकर नरसंहार की धमकी दी थी जिससे सभी शिक्षक शिक्षिकाएं भयभीत हैं।

प्रधानाचार्य ने कहा कि नाथनगर थाना में हमने आवेदन दिया है। उन्होंने आवेदन में यह भी लिखा है की पहले भी अभिभावकों, शिक्षकों तथा शिक्षा पदाधिकारियों को इस तरह की धमकी दी गई थी। हमारी ओर से शिकायत किये जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई, लिहाजा उसने विद्यालय में घुसकर शिक्षकों को जान से मारने की धमकी दी है। जिससे सभी शिक्षक भयभीत है। प्रधानाचार्य ने सुरक्षा की गुहार लगाई है लेकिन मामले में अब तक न तो शिक्षा विभाग और न ही पुलिस प्रशासन ने संज्ञान लिया है।

इस पूरे मामले पर जब भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आनंद कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा यह नाथनगर थाना नहीं किसी और थाना का मामला है। जबकि मामला नाथनगर थाना क्षेत्र का है। साथ ही नाथनगर थाना में ही प्रधानाचार्य ने आवेदन दिया है। उन्होंने कहा की प्रधानाचार्य द्वारा स्कूल बंद की सूचना मिली है मामले में आवेदन दिया गया है। दोनों पक्ष की ओर से आरोप-प्रत्यारोप किये जा रहे हैं।मामले की जांच की जा रही है जो भी दोषी होंगे उनपर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Explore our articles