बॉलिवुड(Bollywood): एक्ट्रेस कियारा अडवानी और एक्टर कार्तिक आर्यन की आने वाली फिल्म ‘सत्य प्रेम की कथा’ का शानदार टीजर रिलीज हो चुका है। टीजर में दोनों की रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। इस टीजर को आज यूट्यूब पर रिलीज किया गया। वहीं टीजर के रिलीज होते ही दर्शकों के रिस्पॉन्स भी आने शुरू हो गये हैं।
टीजर में कार्तिक और कियारा की दिल छू लेने वाली वाली प्रेम कहानी दिखाई दे रही है। इस फिल्म में कार्तिक का नाम सत्यप्रेम और कियारा के किरदार का नाम कथा है। वीडियो में कार्तिक और कियारा बर्फीली वादियों, नदी, और फूलों के बीच अपने प्यार के लम्हों को जीते नजर आ रहे हैं। बैकग्राउंड में कार्तिक का वायस ओवर चल रहा है, जहां वह कह रहे हैं, ‘बातें जो कभी पूरी ना हों, वादे जो अधूरे ना हों, हंसी जो कभी कम ना हो, आंखें जो कभी नम ना हों, और अगर हो तो आंसू उसके हों और आंखें मेरी हों।’
वीडियो में दोनों सितारों के रोमांस के साथ कुछ गम के सीन भी नजर आ रहे हैं, जहां कार्तिक और कियारा की आंखों में आंसू हैं। वहीं वीडियो में आप दोनों के शादी के सीन भी देख सकते हैं। इस तरह से दिलचस्प टीजर देखने के बाद अब लोगों को इंतजार है ‘सत्य प्रेम की कथा’ के ट्रेलर का।
बता दें कि, ने ‘भूल भूलैया 2’ के बाद ‘सत्य प्रेम की कथा’ में दूसरी बार कार्तिक और कियारा एक दूसरे के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। वहीं ‘सत्य प्रेम की कथा’ की बात की जाए तो समीर विद्वांस के निर्देशन में बनी इस फिल्म में कार्तिक और कियारा के अलावा सुप्रिया पाठक और गजराज राव भी लीड रोल में होंगे। नाडियाडवाला ग्रैंडसन के बैनर तले बनी ये फिल्म 29 जून 2023 को सिनेमा घरों में रिलीज होने वाली हैं।


