spot_img

Mumbai: सरकार के प्रयास से मणिपुर में फंसे महाराष्ट्र के 25 छात्र सकुशल मुंबई पहुंचे

मुंबई: (Mumbai) मणिपुर में हिंसा के बीच फंसे महाराष्ट्र के 25 छात्रों को सकुशल निकाल लिया गया। सोमवार देर रात इन छात्रों के मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचने पर छात्रों के अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई। इसके लिए सभी छात्रों और उनके अभिभावकों ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Eknath Shinde) और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के प्रयास की सराहना की है।

दरअसल, मणिपुर में अध्ययन के लिए गए इन सभी छात्रों के वहां फंसे होने की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री शिंदे और उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने तुरंत मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह से संपर्क किया था। असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा के साथ भी मुख्यमंत्री शिंदे ने चर्चा की थी। इसके बाद महाराष्ट्र के छात्रों को सोमवार सुबह एक विशेष विमान से मणिपुर के इंफाल से असम के गुवाहाटी लाया गया।

इसके बाद यहां से सोमवार रात यह छात्र विशेष विमान से मुंबई पहुंचे । मुंबई एयरपोर्ट पर शिष्टाचार विभाग के संयुक्त सचिव रामचंद्र धनवाड़े, शिष्टाचार अधिकारी अब्दुल अजीज बेग व उनकी टीम ने छात्रों का स्वागत किया और सरकार की ओर से उनसे वहां की जानकारी चाही। छात्रों ने सुरक्षित वापसी के लिए राज्य सरकार को धन्यवाद भी दिया।

मणिपुर से मुंबई सकुशल वापस लौटे छात्रों में आदित्य गजभिए, तुषार आव्हाड, आयुष दुबे, शिवसंपत तागिरिसा, गौतम चौरसिया, साजन पौनिकर, मोहित खडपे, भूषण पावरा, वृक्षाल गणवीर, विकास शर्मा, तन्मय यादव, मडिकोंडा अविनाश, रोहित कोरी , आयुष रवि, ज्ञानदीप छुटे, प्रतीक कोडग, पुनर्वसु इंगोले, साईजीत निकम, अनन्य बनर्जी, शांतनु कुम्भीरकर, क्रिश कलगुडे, फाल्गुन महाजन, मधुरिका इंदूरकर, रोनिल नाडार और अश्वगंधा पराडे शामिल हैं।

Explore our articles