कैथल : गांव क्योड़क में हुई दहेज हत्या में शामिल सास को मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मां बेटे पर 9 अप्रैल को बहू का चुन्नी से गला घोटकर की हत्या करने का मामला दर्ज किया गया था। क्योड़क चौकी के प्रभारी एएसआई दयानंद ने दहेज हत्या के मामले में नामजद सास संयोगिता को गांव से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पट्टीकल्याणा जिला पानीपत निवासी रामचंद्र ने मामला दर्ज करवाया था कि उसकी बेटी सोनिया की शादी 2019 में क्योड़क निवासी राहुल के साथ हुई थी। सोनिया की 2 साल की बेटी भी है। राहुल व उसकी मां सोनिया को कम दहेज लाने के कारण प्रताड़ित करते थे। इसी विवाद में सोनिया 7 महीने तक अपने मायके में रही लेकिन रिश्तेदारों के कहने पर दोबारा सोनिया को उसकी ससुराल में भेज दिया गया। बाद में उन्हें सूचना मिली की सोनिया की मौत हो चुकी है। वह परिवार के साथ क्योड़क पहुंचा तो सोनिया का शव फर्श पर पड़ा था और गले पर फंदे के निशान थे। आरोप है कि रात को पति एवं सास ने उसकी बेटी के साथ मारपीट की। अगले दिन चुन्नी से फांसी लगाकर उसकी बेटी की हत्या कर दी। इस बारे में थाना सदर में मामला दर्ज किया गया था।


