ग्वालियर : वर्तमान माहौल में बढ़ते सायबर अपराधों से बचाव के लिए सभी को सतर्क रहना जरूरी है। इसके लिए जन जागरूकता की महती आवश्यकता है। इस दिशा में उच्च न्यायालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आयोजित किया गया सायबर सिक्योरिटी जागरूकता कार्यक्रम उपयोगी सिद्ध होगा।
यह बात उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर के प्रशासनिक न्यायाधिपति रोहित आर्या ने शनिवार को उच्च न्यायलय खण्डपीठ ग्वालियर में सायबर सिक्योरिटी पर आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कही।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सूचना केन्द्र भोपाल के निदेशक राकेश जैन ने सायबर ठगी से बचाव के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। जैन जानकारी दी कि सिक्योरिटी इंसीडेंट या सायबर फ्रॉड होने पर तत्काल संबंधित फोरम में रिपोर्ट करना चाहिए। अनजान नम्बरों से आए फोन नम्बरों पर कभी-भी ओटीपी अथवा पासवर्ड शेयर नहीं करना चाहिए।
इस अवसर पर प्रिंसिपल रजिस्ट्रार अखिलेश कुमार मिश्र, रजिस्ट्रार हितेन्द्र द्विवेदी, प्रिंसिपल सिस्टम एनालिस्ट सत्येन्द्र शर्मा, विधिक सहायता अधिकारी सनातन सेन, डिप्टी रजिस्ट्रार मेहफूज अहमद व अनिल देशमुख, राष्ट्रीय सूचना केन्द्र भोपाल की टीम से तृप्ति निगम व अभिलाषा जैन सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।


