spot_img

New Delhi : गृह मंत्रालय स्तर के संवाद में भारत ने ब्रिटेन से उठाया खालिस्तान का मुद्दा

New Delhi: India raised the issue of Khalistan with Britain in Home Ministry level dialogue

नई दिल्ली: (New Delhi) भारत ने ब्रिटेन के साथ यहां बुधवार को हुई 5वीं गृह मामलों की वार्ता के दौरान खालिस्तान समर्थक उग्रवाद सहित ब्रिटेन में जारी भारत विरोधी गतिविधियों का मुद्दा उठाया।भारत ने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि यूके में शरण पाए खालिस्तान समर्थक तत्व इसका दुरुपयोग कर आतंकवादी गतिविधियों को सहायता और बढ़ावा दे रहे हैं। भारत ने आग्रह किया कि यूके बेहतर सहयोग देते हुए खालिस्तान समर्थक चरमपंथियों की निगरानी और उन पर उचित कार्रवाई करे। साथ ही भारत ने लंदन में अपने उच्चायोग की सुरक्षा में सेंध को लेकर अपनी गंभीर चिंताओं से उन्हें अवगत कराया।गृह मंत्रालय के अनुसार भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला और ब्रिटेन के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गृह कार्यालय में स्थायी सचिव सर मैथ्यू रीक्रॉफ्ट ने किया। बैठक में दोनों देशों के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।

बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने आपसी सहयोग की समीक्षा की और इसे बढ़ाने के अवसरों का पता लगाने के लिए आगे के कदमों पर विचार किया। सहयोग के क्षेत्र में आतंकवाद का मुकाबला, साइबर सुरक्षा और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला, मादक पदार्थों की तस्करी, प्रवासन, प्रत्यर्पण और ब्रिटेन में खालिस्तान समर्थक उग्रवाद सहित भारत विरोधी गतिविधियां जैसे मुद्दे शामिल रहे।दोनों पक्षों ने साझेदारी की मौजूदा स्थिति पर संतोष व्यक्त किया और द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ करने और दोनों देशों के बीच सुरक्षा सहयोग बढ़ाने की गति को बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की।

Explore our articles