spot_img

Lucknow: मंत्री निषाद के निरीक्षण में अधिकारी कर्मचारी मिले गायब

Lucknow

मत्स्य निदेशालय का निरीक्षण करने पहुंचे विभागीय मंत्री डॉ. संजय निषाद

लखनऊ: (Lucknow) उत्तर प्रदेश सरकार में मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ संजय कुमार निषाद (Dr. Sanjay Kumar Nishad) ने मंगलवार को मत्स्य निदेशालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी व कर्मचारी नदारद मिले। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने संयुक्त निदेशक से अनुपस्थित कर्मियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।

मत्स्य मंत्री डॉ संजय कुमार निषाद के लाख प्रयासों के बाद भी उनके विभागीय अधिकारी व कर्मचारी के रवैये में सुधार नहीं होता दिख रहा है। मंगलवार को उनके औचक निरीक्षण के दौरान एक बार फिर कई अधिकारी व कर्मचारी कार्यालय से गायब मिले। मंत्री ने रजिस्टर चेक किया और आने व जाने वाले कर्मियों की जानकारी की। इस दौरान मंत्री ने मौके पर उपस्थित संयुक्त निदेशक एन. एस. रहमानी को निर्देश दिए कि नदारद कर्मियों को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण देने मांगा जाए। उन्होंने साफ कहा कि अनुपस्थित कर्मियों व अधिकारियों का जवाब संतोषजनक न होने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि मंत्री डॉ. संजय निषाद का मत्स्य विभाग भले ही राजस्व अर्जित करने में इस बार काफी आगे हो लेकिन विभागीय अधिकारी, कर्मचारियों के कामकाज व उनके रवैये में बदलाव नहीं हो रहा है। ऐसा तब है जब मंत्री अक्सर अपने आईटी चौराहे स्थित विभागीय कार्यालय का निरीक्षण करते रहते हैं। हर बार अधिकारी व कर्मी नदारद मिलते हैं। उनसे स्पष्टीकरण मांगा जाता है। बावजूद इसके उनमें सुधार होता नहीं दिख रहा है। इससे पहले 28 मार्च को भी मंत्री ने अपने विभागीय कार्यालय का निरीक्षण किया था। तब भी कर्मियों के गायब होने का मामला सामने आया था।

Explore our articles