
लखीमपुर खीरी : सिक्किम के गंगटोक में हुए भूस्खलन में लखीमपुर के तीन परिवार के करीब नौ लोग प्रभावित हुए हैं। इनमें एक 6 वर्षीय बच्ची सहित उसके पिता की मौत हो गई है।
सिक्किम के गंगटोक में हुआ भूस्खलन ने लखीमपुर खीरी को भी प्रभावित किया है। यहां स्वास्थ्य विभाग में तैनात तीन कर्मचारियों का परिवार इस भूस्खलन की चपेट में आया है। जिसमें पिता और पुत्री की मौत हो गई है।
लखीमपुर स्वास्थ्य विभाग सीएमओ ऑफिस में तैनात बाबू विक्रम सैनी, बीएसडब्ल्यू शिवम बरनवाल और सुपरवाइजर बाल सिंह अपने परिवार के साथ सिक्किम के गंगटोक में पर्यटन के उद्देश्य से गए थे। वहां हुए अचानक भूस्खलन के दौरान सभी इसकी चपेट में आ गए। जिसमें बाल सिंह व उनकी 6 वर्षीय पुत्री रावया की मृत्यु हो गई। वहीं अन्य सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग लखीमपुर खीरी के अधिकारियों को जो इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने इसकी स्थानीय अधिकारियों से पुष्टि की जिसके बाद पता चला कि बाल सिंह व उनकी पुत्री के शव को हवाई जहाज के माध्यम से गुरुवार को लखनऊ लाया जा रहा है, जहां से उनके शव को लखीमपुर उनके घर लाया जाएगा। इस घटना के बाद से सभी के परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।


