spot_img

Kannauj : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर 2 हादसे, 7 की मौत कन्नौज में स्लीपर बस खड़े ट्रक से टकराई, उन्नाव में भी बस ट्रक से भिड़ी

कन्नौज में स्लीपर बस खड़े ट्रक से टकराई, उन्नाव में भी बस ट्रक से भिड़ी
कन्नौज : उत्तर प्रदेश में भीषण कोहरे के कारण लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर दो बड़े हादसे हुए हैं। पहला हादसा, रात 12 बजे के करीब कन्नौज में हुआ। यहां दिल्ली से सुल्तानपुर जा रही स्लीपर बस, सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। तेज रफ्तार होने के कारण बस एक्सप्रेस-वे के नीचे गिर गई। हादसे में 3 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 18 घायल हैं।वहीं, दूसरा हादसा भी इसी एक्सप्रेस-वे पर उन्नाव में सुबह 4 बजे के करीब औरास इलाके में हुआ। यहां गुजरात के राजकोट से नेपाल बॉर्डर तक जा रही स्लीपर बस ट्रक से टकरा गई। हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 6 गंभीर घायल हैं। यह दोनों हादसे एक ही एक्सप्रेस-वे पर 50 किमी. की दूरी पर हुए हैं।
हादसे के समय बस में 30 सवारियां
ठठिया थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्लीपर बस आनंद बिहार दिल्ली से सुल्तानपुर जा रही थी। बस रविवार शाम 30 सवारियों को लेकर दिल्ली से निकली थी। हादसे में रायबरेली की रहने वाली अनीता बाजपेई (50), संजना (25) और देवांश (11) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सुरक्षित सवारियों को दूसरे वाहन से रवाना किया गया। हादसे की वजह घना कोहरा और तेज स्पीड रही है।

दूसरा हादसा: स्लीपर बस, आगे चल रहे ट्रक से टकराई

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर दूसरा हादसा उन्नाव जिले में सोमवार सुबह 4 बजे हुआ। यहां औरास थाना क्षेत्र में स्लीपर बस ने आगे चल रहे ट्रक (डीसीएम) को टक्कर मार दी। हादसे में बस सवार 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई। जबकि एक महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं 10 लोग गंभीर घायल हैं। बस गुजरात के राजकोट से लखीमपुर के तिकुनिया बॉर्डर जा रही थी।मौके पर पहुंचे औरास इंस्पेक्टर राजकुमार सिंह ने बताया कि इनमें दो की शिनाख्त ललित साउद (35) और चंद्र साउद (50) के रुप में हुई है। दोनों नेपाल के रहने वाले थे। वहीं, दो अन्य की शिनाख्त कराई जा रही है। बस में सवार 10 यात्री गंभीर हैं। इनमें 5 को लखनऊ रेफर किया गया है। जबकि 5 उन्नाव के जिला अस्पताल में एडमिट हैं। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को किनारे कराया गया। हादसे की जानकारी पर DM अपूर्वा दुबे घटनास्थल पर पहुंचीं।

सिगरा स्टेडियम की दीवार ढही
मलबे में दबकर 10 स्कूटी,2 कार और बाइक डैमेज
वाराणसी।वाराणसी में सिगरा स्थित संपूर्णानंद स्टेडियम की पीछे की दीवार ढहने से 2 कार और 10 स्कूटी दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार दीवार के समीप गिट्टी रखी हुई थी, जिसके दबाव सम्भवतः दीवार गिरी होगी। फिलहाल, राहत की बात ये है कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वहीं, दीवार ढहने की वजह से गाड़ियों बुरी तरह से दब गई हैं। कारों की छत पर गिट्टी बिछ गई है। गनीमत थी कि कोई व्यक्ति इन कारों या स्कूटी पर नहीं था। नहीं तो यह हादसे की सूरत कुछ और होती।

चल रहा था स्मार्ट सिटी का कंस्ट्रक्शन

स्मार्ट सिटी के PRO शाकंभरी नंदन ने कहा कि यहां पर कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था। गिट्टियां अनलोड की जा रही थी। हमारे सारे काम सुरक्षा मानकों के साथ हो रहे हैं। दीवार गिट्टियों का भार नहीं सह पाई। एक टीम बनाकर जांच की जाएगी। कॉलोनी वाले कहां गाड़ी पार्क करें, इस पर हम कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।

पीलीभीत में युवक को खा गया बाघ
मजदूरी कर वापस लौट रहा था, सुबह गन्ने के खेत में मिला शव
पीलीभीत।पीलीभीत में उत्तराखंड से वापस लौट रहे युवक को बाघ ने हमला कर मार डाला है। गन्ने के खेत में युवक के शव के अवशेष मिले हैं। रविवार देर शाम धुंधलका छाया हुआ था तभी बाघ ने युवक पर हमला किया।बताया जा रहा है कि युवक अपने गांव के करीब 200 मीटर की दूरी पर था। जब बाघ ने हमला किया। गेंहू के खेत में हमला कर बाघ लगभग 200 मीटर दूर गन्ने के खेत में युवक को घसीट ले गया।देर रात तक जब युवक रोज की तरह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता होने लगी। सोमवार सुबह से ही परिजन युवक की खोजबीन करने लगे। तब गांव के करीब गन्ने के खेत में युवक के शव के अवशेष पड़े दिखाई दिए।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई

फिलहाल घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।युवक उत्तराखंड गया था मजदूरी करने के लिए जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड बार्डर पर स्थित न्यूरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टाडा विजैसी एटवारा गांव का 35 वर्षीय गोकुल मलिक पुत्र कृष्ण चंद्र रोजाना की तरह उत्तराखंड के खटीमा में अपने गांव से लगभग एक किमी दूर खटीमा में मजदूरी के लिए गया था। वहीं से वह वापस लौट रहा था। तभी अचानक से बाघ ने उस पर हमला कर दिया। जब तक वह कुछ समझ पाता बाघ उसे खेत में घसीट ले गया।रविवार देर शाम उत्तराखंड से मजदूरी कर घर वापस आ रहा था। इस दौरान गांव के पास ही जंगल से निकले बाघ ने युवक पर हमला बोल दिया। बाघ उसे खींचकर गन्ने के खेत में ले गया। सुबह खेत में युवक का अधखाया शव बरामद हुआ है।घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सुल्तानपुर में 4 शातिर चोर गिरफ्तार
अवैध असलहे के साथ नगदी बरामद, जेल भेजे गए सभी
सुलतानपुर।सुल्तानपुर में चांदा पुलिस ने चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। चोरों के पास से स्कूटी, बैटरा, अवैध असलहा व कैश बरामद हुआ है। पकड़े गए चारों चोर पूर्व में भी कई एक घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।

चांदा पुलिस को मिली सफलता
क्षेत्राधिकारी लंभुआ राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर चांदा थानाक्षेत्र के पंचायत भवन झलियवा पाण्डेपुर से चोरी की योजना बना रहे चोरों को गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान रोहित उर्फ गुरू पुत्र रामकेवल गौतम निवासी ग्राम रजवाडे रामपुर थाना चांदा, अकर

मो निसार निवासी ग्राम रजवाडे रामपुर थाना चांदा, अनिल गौतम उर्फ लल्लू पुत्र हरखाली उर्फ मकूने गौतम निवासी ग्राम रजवाडे रामपुर थाना चांदा, राहुल गौतम पुत्र राजाराम गौतम निवासी ग्राम रजवाड़े रामपुर थाना चांदा के रूप में हुई है।

इन सामानों की हुई बरामदगी

चोरों के पास से एक स्कूटी, एक अवैध तमंचा देशी मय जिन्दा कारतूस 315 बोर, एक नाजयज चाकू, एक झोले में रिन्च, प्लास, हथौड़ी, एक चाभी का गुच्छा, एक अदद बैट्रा व 2450 रुपये नगद मिले हैं। उन्होंने बताया कि रोहित उर्फ गुरू पुत्र रामकेवल गौतम पर 6 मामले, अकरम पुत्र मो निसार पर 5 मामले, अनिल गौतम उर्फ लल्लू पुत्र हरखाली उर्फ मकूने गौतम पर 3 मामले और राहुल गौतम पुत्र राजाराम गौतम पर 3 मामले दर्ज हैं।


महोबा में अनियंत्रित कंटेनर मस्जिद से टकराकर पलटा


कंटेनर में भरे 35 मवेशियों सहित एक युवक की मौत, दो युवक गंभीर घायल
महोबा।महोबा में रफ्तार का कहर देखने को मिला है। मवेशियों से भरा तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर मस्जिद से जा टकराया। इस हादसे में कंटेनर के पलट जाने से क्लीनर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें झांसी मेडिकल रेफर कर दिया गया। दरअसल, यह भीषण सड़क हादसा जनपद के कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सुगिरा गांव का है। बताया जाता है कि मध्य प्रदेश के दमोह निवासी शहजाद और राजेश सहित एक अन्य कंटेनर में आधा सैकड़ा मवेशियों को लादकर राठ की ओर जा रहे थे। बताया जाता है कि कंटेनर तेज रफ्तार था जिसके कारण कंटेनर मोड़ में अनियंत्रित हो गया और सीधा मस्जिद से टकराकर पलट गया। सुबह तड़के घटना होने पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई।

35 मवेशियों की हो गई मौत
हाईवे पर हादसे की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची जहां दो घायलों को कंटेनर से बड़ी मशक्कत से बाहर निकाला गया, जबकि एक अज्ञात मृतक दीवार के मलबे के नीचे दब गया। जिसके शव को निकालने के लिए कई घंटों पुलिस को रिस्क्यु करना पड़ा। घायल मध्यप्रदेश कर दमोह निवासी शहजाद और राजेश को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने झांसी मेडिकल के लिए रिफर कर दिया। इस भीषण सड़क हादसे में कंटेनर में भरे तकरीबन आधा सैकड़ा मवेशियों में से 35 की मौत हो गई। रफ्तार के कारण ही यह हादसा हुआ है।
कुलपहाड़ सीओ उमेश चंद्र बताते हैं कि मौके पर पुलिस मौजूद है

सभी मवेशियों को कंटेनर से बाहर निकाला जा रहा है, जिनमें तकरीबन 35 मवेशी मृत पाए गए हैं तो वही मृत व्यक्ति की पहचान नही हो पा रही है। अज्ञात मृतक के शव को बाहर निकाला गया है जबकि दोनों घायलों को गंभीर हालत होने पर महोबा जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल के लिए रिफर किया गया है।

बाराबंकी में चचेरी बहनों ने जहर खाकर जान दी, मचा कोहराम


बाराबंकी।बाराबंकी जिले के बड्डूपुर थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात चचेरी बहनों ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। आननफानन में दोनों को अलग अलग अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी होते ही पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया। जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची। आत्महत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।क्षेत्र के झरसवां गांव के छोटेलाल की पुत्री नीतू (18) व उनके भाई रामचरित की पुत्री कामिनी (18) के मध्य काफी गहरी दोस्ती थी। सोमवार की रात अज्ञात कारणों से नीतू और कामिनी ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। जानकारी होने पर परिजन उन्हें पहले एक निजी अस्पताल ले गए जहां नीतू को मृत घोषित किए जाने पर परिजन शव घर ले आए।
इंस्पेक्टर राजकुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे

उधर कामिनी को घुंगटेर व बाराबंकी तक लाया गया लेकिन उसे भी बचाया नहीं जा सका। मामले की जानकारी होने पर इंस्पेक्टर राजकुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। गांव के लोग एवं परिजन घटना के कारणों को लेकर कोई भी जानकारी होने से इंकार कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है जिसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

पटना आ रही फ्लाइट में नशेड़ियों का हंगामा
कैप्टन से भी मारपीट, एयर होस्टेस से भी बदसलूकी

पटना ।फ्लाइट में यात्रियों के तांडव की कड़ी में इस बार नई खबर पटना से। इंडिगो की फ्लाइट में दिल्ली से पटना आ रहे तीन युवकों ने जमकर बवाल काटा। पहले यात्रियों से उलझे। बीचबचाव के लिए एयरहोस्टेस गईं तो उनसे भी बदसलूकी की। मामला संभलता नहीं देख कैप्टन ने दखल दी तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इंडिगो की फ्लाइट 6E-6383 में यह घटना हुई। रोहित कुमार, नीतीश कुमार और पिंटू कुमार यह गुंडई करते समय खुद को एक राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष का खास आदमी बता रहे थे।
सीआईएसएफ तक नहीं पहुुंची जानकारी, एक फरार
खुद को नेता और एक एक राजनीतिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष से जुड़ा बता रहे रोहित कुमार और नीतीश कुमार को पटना एयरपोर्ट पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने पकड़ कर एयरपोर्ट थाने के हवाले कर दिया, जबकि पिंटू कुमार अफरातफरी की स्थिति बनाकर फरार हो गया है। एयरपोर्ट के सीआईएसएफ कमांडेंट ए. के. झा ने बताया कि रविवार की रात फ्लाइट में हंगामा करने वाले यात्रियों की जानकारी जबतक आई, तब तक यात्री निकलने लगे थे। विमानन कंपनी की ओर से ग्राउंड स्टाफ को मार्क कर बताया गया होता कि यह तीन यात्री हैं तो पिंटू कुमार नहीं भाग पाता। हम हर यात्री को रोक नहीं सकते थे, इससे अफरातफरी हो सकती थी। विमानन कंपनियों ने जिन्हें मार्क कराया, उन दो को हिरासत में लेकर बिहार पुलिस को सौंप दिया गया।
पूर्ण शराबबंदी वाले बिहार में पीकर आना भी अपराध
बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद से दूसरे राज्यों के एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों पर बिहार जा रहे यात्रियों को इस बात के लिए सावधान किया जाता है कि नशे में बिहार जाने पर जेल हो सकती है। विमान में यात्रा कर रहे तीनों यात्री हाजीपुर के बताए

गए और खुद को राजनेता का करीबी बताने का मतलब है कि वह बिहार के नियमों से पूरी तरह वाकिफ होंगे। इसके बावजूद तीनों शराब पीकर न केवल पटना की फ्लाइट पर आए, बल्कि खुद को राजनेता का करीबी बताते हुए नशे में छेड़खानी, बदसलूकी और मारपीट करने लगे।

एसडीआरएफ ने खाली कराए घर
आंखों में आंसू और यादें समेटे निकल पड़े लोग


देहरादून।जोशीमठ में 603 भवनों में दरारें आ चुकी हैं। डेंजर जोन में चिन्हित भवनों को सील कर दिया गया है। इसी के साथ आज एसडीआरएफ ने यहां सुई गांव में घर खाली कराने का अभियान शुरू किया तो वहीं मनोहर बाग में प्रभावितों ने खुद ही घर छोड़ने शुरू कर दिया। प्रभावित अपना सामान लेकर निकल पड़े हैं। जोशीमठ से सामने आई आज की तस्वीरें हर किसी को भावुक कर रही हैं। आंखों में आंसू लिए और यादें समेटे लोग मजबूरन अपना घर छोड़कर जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जोशीमठ भेजे गए सचिव मुख्यमंत्री आर मीनाक्षी सुंदरम ने जिलाधिकारी हिमांशु खुराना को दो दिन में नगर के भवनों और उसमें रहने वाले लोगों के बारे में आंकड़े जुटाने के निर्देश दिए हैं। वहीं जलशक्ति मंत्रालय की हाईपावर कमेटी जोशीमठ पहुंच गई है।
प्रशासन ने इन भवनों का मौका मुआयना भी कर लिया
शनिवार को जोशीमठ से अध्ययन करके लौटी विशेषज्ञ समिति ने शासन से उन भवनों को जल्द से जल्द गिराने की सिफारिश की है, जिनमें बहुत अधिक दरारें आ चुकी हैं। शासन ने ऐसे भवनों को गिराने का निर्णय ले लिया है। हालांकि, जल्दबाजी में कोई कदम उठाने से पहले हर पहलू पर विचार किया जा रहा है। जोशीमठ में 603 भवनों में दरारें आ चुकी हैं। यह सूचना प्रशासन को लोगों ने दी है। प्रभावितों की सूचना पर प्रशासन ने इन भवनों का मौका मुआयना भी कर लिया है। 67 परिवारों को अस्थायी स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Explore our articles