
दुर्घटना के बाद उसके दोनों दोस्त फरार
जाना था मदरसा,लूम कारखाने में खींच ले गई मौत
भिवंडी : भिवंडी के गैबीनगर इलाके में बंद पड़े पावरलूम कारखाने में खेलने के दौरान कांडी मशीन के नीचे दबाने से 16 वर्ष के बच्चे की मौत हो गई है।बताते है कि उक्त बच्चा मदरसे में पढ़ाई के लिए घर से निकला था।लेकिन वह पढ़ने के बजाय दोस्तों संग लूम कारखाने में खेलने चला गया।जहां खेलने के दौरान मशीन के नीचे दबने से वह काल के गाल में समा गया।शांतिनगर पुलिस आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार भिवंडी के किदवई नगर में रहने वाला 16 वर्षीय समीर नामक छात्र शनिवार को दोपहर में दो बजे मदरसे में पढ़ाई करने के लिए घर से निकला,लेकिन मदरसे में पढ़ाई करने के बजाय स्थानीय गैबीनगर इलाके के एक बंद पड़े पावरलूम कारखाने में अन्य दो दोस्तों के साथ खेलने चला गया।
आकस्मिक मौत का मामला दर्ज
खेलने के दौरान उस पर कारखाने में लगी कांडी मशीन गिर गई।जिसके नीचे दबने से बच्चे की मौत हो गई,जबकि दुर्घटना के बाद उसके दोनों दोस्त फरार हो गए। कई घंटे बाद घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से कारखाने के बगल में गैरेज चलाने वाले रफीक मालिक ने शव को मशीन के नीचे से निकालने के बाद हादसे की सूचना शांतिनगर पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आकस्मिक मौत का मामला दर्जकर मामले की जांच में जुट गई है मामले की जांच एपीआई मुक्त फड़तरे कर रही है।
आपसी विवाद में वर्षो से बंद है लूम कारखाना
मृतक समीर के परिजनों ने बताया कि उक्त हादसा गैबीनगर में स्थित स्कूल नम्बर 62 के सामने एक बंद पावरलूम कारखाना में हुआ।जो आपसी विवादितों के कारण वर्षो से बंद पड़ा हुआ है। जिसका मुख्य द्वार तो बंद है पर कारखाना की एक तरफ की दिवार नहीं है। जिसके कारण वहा अक्सर बच्चे खेलने के उद्देश्य से उक्त कारखाने में जाते है।सुरक्षा के अभाव में आगे भी ऐसी घटना से इनकार नही किया जा सकता है।
एक महीने में बच्चों के साथ हादसे की दूसरी घटना
भिवंडी में स्कूल व छात्र के साथ एक माह में हादसे की यह तीसरी घटना है।भिवंडी मनपा के न्यू टावरे कंपाउंड में स्थित मनपा के स्कूल नंबर 72 के स्वागत गेट पर लगे मार्बल अचानक गिरने से उसके नीचे खेल रही आयुष्य शंकर प्रसाद कुशवाहा नामक चार वर्षीय बच्ची की गेट के मलबे में दबकर मौत हो गई थी।इस हादसे के बाद पुलिस ने मनपा के दो कर्मचारियों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है।जबकि इससे पहले प्रभाग समिति क्रमांक दो अंर्तगत गैबीनगर, साईनगर रोड़ पर स्थित मनपा स्कूल क्रमांक 22 व 62 की पुरानी इमारत को तोड़ कर मलबा हटाने के दौरान मलबा अचानक मजदूर राजपाल गौड़ (50) के सिर पर गिरने से उसकी मौत हो गई थी।


