
भिवंडी : भिवंडी के न्यू टावरे कंपाउंड नारपोली में मनपा के स्कूल के सामने बनाए गए स्वागत गेट पर लगा मार्बल का टुकड़ा गिरने से एक चार साल के बच्चे आयुष कुमार शंकर प्रसाद कुशवाहा की दर्दनाक मौत होने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ। नागरिकों ने इस दुखद घटना के लिए भिवंडी महानगरपालिका को जिम्मेदार ठहराते हुए मृतक बच्चे के परिवार को शीघ्र उचित मुआवजा देने की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार शहर के न्यू टावरे कंपाउंड में म्यूनिसिपल स्कूल नंबर 72 के सामने एक रिसेप्शन आर्च है, जिस पर सौंदर्य के लिए मार्बल लगाए गए हैं। एक 4 वर्षीय लड़का आयुष कुमार शंकर प्रसाद कुशवाहा आर्च के पास खेल रहा था कि अचानक एक बड़ा मार्बल का टुकड़ा आकर आयुष कुमार के सिर पर गिरा और आयुष बेहोश होकर गिर पड़ा। इस हादसे के बाद मां बच्चे को आईजीएम अस्पताल ले गई, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि प्रशासन इस घटना से अनभिज्ञ है और खास बात यह है कि घटना के चार घंटे बाद तक मनपा प्रशासन की ओर से कोई भी मौके पर नहीं आया, जिससे नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। उक्त स्कूल के सामने स्वागत मेहराब 14 साल पहले बनाया गया था और स्वागत मेहराब पर लगे कई मार्बल के टुकड़े गिर गए हैं। इस जगह पर एक स्कूल होने के कारण स्कूल के शिक्षकों और स्थानीय पूर्व नगरसेवक भगवान टावरे ने भिवंडी मनपा प्रशासन से शिकायत की और उसको हटाने की मांग की, लेकिन महानगरपालिका प्रशासन ने इसे नजरअंदाज कर दिया, भगवान टावरे ने आरोप लगाया कि आकस्मिक मौत के लिए नगरपालिका जिम्मेदार है। इस बच्चे के परिवार को भिवंडी महानगरपालिका तुरंत उचित मुआवजा प्रदान करे।


