
इंडिया ग्राउंड रिपोर्ट डेस्क
नयी दिल्ली: (New Delhi)कांग्रेस के अधिवेशन सत्र की तारीख एवं स्थल तय करने तथा पार्टी संगठन के विषयों पर चर्चा करने के लिए पार्टी की संचालन समिति की रविवार को यहां पहली बैठक होगी।
पिछले महीने पार्टी अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी के शीर्ष निकाय कार्यसमिति (CWC) के स्थान पर इस संचालन समिति का गठन किया था।
कांग्रेस महासचिव (Communication) जयराम रमेश ने शनिवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘कांग्रेस संचालन समिति की बैठक है। इसका मुख्य उद्देश्य यह तय करना है कि अधिवेशन सत्र कब होगा और इसे कहां आयोजित किया जाए। इसी मुद्दे पर चर्चा होगी।’’
पार्टी सूत्रों ने बताया कि संचालन समिति की इस अहम बैठक में संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा होगी।
खरगे के कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण के शीघ्र बाद कार्यसमिति के सभी सदस्यों को संचालन समिति का सदस्य बनाया गया था।
पार्टी के अधिवेशन सत्र में कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर खरगे के निर्वाचन पर मुहर लगेगी। अगले साल फरवरी या मार्च में यह सत्र होने की संभावना है। आज की बैठक में अधिवेशन सत्र की तारीख तय हो सकती है।


