spot_img
Home latest MUMBAI : दिल्ली ने फडणवीस को उपमुख्यमंत्री पद पर पदावनति कर बदला...

MUMBAI : दिल्ली ने फडणवीस को उपमुख्यमंत्री पद पर पदावनति कर बदला लिया: उद्धव का पलटवार

0
124

मुंबई : महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस पर पलटवार करते हुए कहा कि उनकी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें उपमुख्यमंत्री पद पर पदावनति कर उनसे बदला लिया है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की। फडणवीस ने हाल में कहा था कि उन्होंने ठाकरे से, धोखा देने के लिए बदला लिया। इस बारे में पूछे जाने पर ठाकरे ने कहा, इसलिए दिल्ली को लगा कि मुख्यमंत्री को बदल देना चाहिए और उन्हें (फडणवीस) उपमुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए। उन्होंने भी इसका बदला ले लिया।
शिवसेना और भाजपा ने गठबंधन कर 2019 का महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन मुख्यमंत्री पद को लेकर मतभेदों के बाद दोनों के रास्ते अलग हो गए। ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी ने महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार बनाने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस के साथ हाथ मिलाया। हालांकि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना में बगावत के बाद एमवीए सरकार इस साल जून में गिर गई। शिंदे मुख्यमंत्री बने और फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस महीने की शुरुआत में फडणवीस ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि भाजपा ने शिवसेना के साथ आधे कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री पद का वादा कभी नहीं किया, जैसा कि ठाकरे ने दावा किया था। फडणवीस ने कहा था, अगर एकनाथ शिंदे उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे द्वारा उनके साथ किए गए व्यवहार के कारण शिवसेना छोड़ना चाहते थे, तो हम उन्हें वापस जाने के लिए नहीं कहने वाले थे। हम उनका स्वागत करने और उनका समर्थन करने जा रहे थे। हमने विश्वासघात का बदला लिया है।