spot_img

BHIWANDI : कचरे का शहर बना भिवंडी

ठेकेदार द्वारा कई दिनों से नहीं उठाया जा रहा कचरा
गली से सड़क तक चारों तरफ लगा है कचरे का अंबार
कचरे की बदबू व सड़न ने किया जनता का जीना दुश्वार

भिवंडी : भिवंडी शहर इन दिनों कचरे के शहर में तब्दील हो गया है। सफाई ठेकेदार द्वारा कई दिनों से कचरा न उठाए जाने के कारण शहरभर में कचरे का अंबार लग गया है। कचरे की सड़न व दुर्गंध ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है, इसके कारण महामारी फैलने का खतरा पैदा हो गया है। इसकी बार बार शिकायत के बावजूद मनपा स्वास्थ्य विभाग के कान में जू नही रेंग रहा है।

मालूम हो कि भिवंडी मनपा क्षेत्र में कचरा उठाने का ठेका कुछ माह पहले 1229 रुपया प्रति टन के हिसाब से बोरिवली के आर.एन.इंफ्रा प्रोजेक्ट प्रा.लि.नामक कंपनी को दिया गया है, लेकिन ठेकेदार पिछले पांच दिनों से कचरा स्पॉट से कचरा नहीं उठा रहा है, जिसके कारण पूरे शहर में गली से लेकर सड़क तक कचरे का अंबार लग गया है। कचरा न उठाए जाने से उसमें सड़न व बदबू पैदा हो रही है। कचरे से पैदा हो रहे मच्छर व बदबू से लोगों का स्वास्थ्य खतरे में पड़ गया है। सूत्रों की माने तो मनपा प्रशासन द्वारा सफाई ठेकेदार को समय पर पेमेंट न दिए जाने के कारण ठेकेदार द्वारा कचरा नहीं उठाया जा रहा है।

नगरसेवक राउत का आरोप,सिर्फ कागजों पर हो रही सफाई

इधर मनपा के पूर्व नगरसेवक अरुण राउत ने मनपा आयुक्त विजयकुमार म्हसाल को दिए ज्ञापन में आरोप लगाते हुए कहा है कि शहर की सफाई मात्र कागजों पर हो रही है, जिसमें ठेकेदार व मनपा स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत है। बिना कचरा उठाए ठेकेदार लाखों का बिल बना रहे हैं ।उन्होंने ठेकेदार व मनपाकर्मियों पर कार्यवाही की मांग की है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि शहरवासियों के स्वास्थ्य के साथ लापरवाही कत्तई बर्दास्त नहीं किया जाएगा।यदि दो दिन में पूरे शहर की विधिवत सफाई नहीं हुई, तो मनपा प्रशासन को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

मनपा ने दी ठेकेदार को नोटिस

इधर मनपा उपायुक्त दीपक ज़िंझाड ने बताया कि ठेकेदार द्वारा बड़े गाड़ियों की पासिंग को लेकर काम बंद किया गया था। उनका कहना है कि शहर से कचरा उठाकर उसे डंपिंग ग्राउंड तक पहुंचाने की जिम्मेदारी ठेकेदार की है, जिसमें लापरवाही बरतने के कारण ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उपायुक्त के गैर जिम्मेदाराना बयान को लेकर जनता में प्रशासन के प्रति घोर आक्रोश व्याप्त है।

Explore our articles