युवक के बाजू को छूते हुए निकली गोली
यमुनानगर:(Yamunanagar) यमुनानगर के थाना सदर के अंतर्गत गांव टोडरपुर में मंगलवार देर शाम दो गुटों के बीच विवाद हो गया। एक पक्ष के युवकों ने आरोप लगाया है कि दूसरे पक्ष के युवकों ने उन पर गोलियां चलाई। एक गोली एक युवक के बाजू को छूते हुए निकल गई। वही हमलावरों ने उनकी दो कारें भी तोड़ दी। आरोपी मौके से भाग गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव टोडरपुर निवासी शाहरुख अली ने बताया कि उनके गांव का हुसैन नाम का युवक पहले दूसरे पक्ष के लोगों के साथ रहता था। लेकिन अब वह उनके साथ रहने लग गया। दूसरे पक्ष के लोग उसे धमकी देते थे कि वह उनका साथ छोड़ दें। मंगलवार देर शाम को हुसैन बाइक पर खजूरी रोड से जा रहा था।
इस दौरान एक दर्जन बाइक पर सवार दूसरे पक्ष के लोगों ने उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान हुसैन उनके चंगुल से निकलकर उसके पास आया। वे गांव में अपने कार्यालय पर बैठे थे। हुसैन ने पूरी बात बताई। इसके बाद वे हुसैन से मारपीट करने वालों से बातचीत करने के लिए दो कारों में सवार होकर खजूरी रोड की तरफ गए।
इस दौरान हमलावरों ने उन पर भी हमला कर उन पर फायरिंग की। इस दौरान एक गोली उसकी बाजू को छूते हुए निकल गई। वह भागकर एक फैक्टरी के अंदर घुस गया। बाद में पता चला कि उसके साथी अमीर खान को इस मामले में चोट लगी है। उसके अन्य साथी मौके से भागने में कामयाब रहे। सदर यमुनानगर के थाना प्रभारी जोगिन्द्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी जांच जारी है।


