
मुंबई : (Mumbai) भाजपा की रैली के दौरान मंत्री गिरीश महाजन से (Minister Girish Mahajan) भिड़ने वाली महिला को लेकर फैली खबरों पर पुलिस ने स्थिति साफ कर दी है। मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिला के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, केवल एक शिकायत प्राप्त हुई थी।
वर्ली रैली में हुआ था विवाद
यह घटना मुंबई के वर्ली इलाके (Worli area of Mumbai) में आयोजित भाजपा रैली के दौरान सामने आई थी। रैली के कारण भारी ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे नाराज एक महिला ने मंत्री गिरीश महाजन से सीधे सवाल किए और आम लोगों को हो रही परेशानी पर विरोध जताया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें महिला ट्रैफिक जाम को लेकर नाराजगी व्यक्त करती नजर आई। इसके बाद मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया और अलग-अलग दावे सामने आने लगे।
शिकायत तो हुई, लेकिन एफआईआर नहीं
घटना के बाद कानून की छात्रा जेन सदावर्ते (law student Jane Sadavarte) ने वर्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में महिला पर पुलिसकर्मियों और जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया। शिकायत के बाद सोशल मीडिया पर यह खबर फैल गई कि महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है। हालांकि, मुंबई पुलिस ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया और स्पष्ट किया कि मामला केवल शिकायत तक सीमित है।


