
वॉशिंगटन : (Washington) अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार (international energy market) में बढ़ती अनिश्चितता के बीच अमेरिका ने संकेत दिया है कि वैश्विक स्तर पर तेल की आपूर्ति को स्थिर रखने के लिए रूसी कच्चे तेल पर लगाए गए कुछ प्रतिबंधों में आंशिक ढील दी जा सकती है। अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर ऐसे कदम उठाए जा सकते हैं, ताकि बाजार में आपूर्ति बाधित न हो और कीमतों में अत्यधिक उछाल को रोका जा सके।
अमेरिकी ट्रेजरी सचिव Scott Bessent ने एक साक्षात्कार में कहा कि सहयोगी देशों की ऊर्जा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए हाल ही में कुछ निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि भारत को उस रूसी कच्चे तेल की खेप खरीदने की अनुमति दी गई है जो पहले से समुद्र में मौजूद है और प्रतिबंधों के कारण जिसकी खरीद अटकी हुई थी।
उन्होंने कहा कि इस कदम का उद्देश्य वैश्विक बाजार में संभावित आपूर्ति संकट को टालना है। उनके अनुसार समुद्र में बड़ी मात्रा में रूसी कच्चा तेल मौजूद है, जिस पर विभिन्न प्रकार के प्रतिबंध लागू हैं। यदि इन प्रतिबंधों में ढील दी जाती है तो बाजार में अतिरिक्त आपूर्ति तेजी से उपलब्ध हो सकती है।
कच्चे तेल की कीमतें बढ़ीं
इस बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेज वृद्धि दर्ज की जा रही है। वैश्विक मानक Brent crude की कीमत शुक्रवार को 90 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई। विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और समुद्री मार्गों की सुरक्षा को लेकर चिंताओं के कारण बाजार में अस्थिरता बढ़ी है।
नियंत्रण के लिए स्थिरता जरूरी
विशेष रूप से Strait of Hormuz के आसपास बढ़ते जोखिम के कारण कई तेल टैंकर इस मार्ग से गुजरने में सतर्कता बरत रहे हैं। ऊर्जा क्षेत्र के विश्लेषकों का मानना है कि यदि क्षेत्रीय संघर्ष लंबा खिंचता है तो कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर भी जा सकती है।
तेल टैंकर के पुर्नबीमा पर विचार
ऊर्जा आपूर्ति की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अमेरिकी प्रशासन ने जहाजों के लिए बीमा सुरक्षा से जुड़ी एक नई योजना पर भी विचार किया है। इसके तहत US International Development Finance Corporation के माध्यम से जहाजों के लिए पुनर्बीमा (रीइंश्योरेंस) कार्यक्रम लागू किया जा सकता है। प्रस्तावित योजना के तहत लगभग 20 अरब डॉलर तक के संभावित नुकसान को कवर करने की व्यवस्था की जा सकती है, ताकि जहाजों का आवागमन सुरक्षित रह सके।


