वाराणसी : नगरीय निकाय चुनाव में पहले चरण के मतदान के दौरान वाराणसी में गुरुवार को बूथों पर दिव्यांग मित्र के रूप में नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों ने लोगों का दिल जीत लिया। दिव्यांग मित्र स्वयंसेवक पूरे निष्ठाभाव से दिव्यांग मतदाताओं को बूथ तक पहुंचाते रहे। 248 एलटी कालेज, अर्दली बाजार मतदान केंद्र पर दिव्यांग मतदाता को मत देने के लिए पहुंचाने वाले नागरिक सुरक्षा के दिव्यांग मित्र वसीम खान और अन्य स्वयंसेवकों की सोशल मीडिया में भी सराहना होती रही।
गौरतलब हो कि नागरिक सुरक्षा के वार्डेन और स्वयंसेवक नगर निकाय चुनाव में दिव्यांग मित्र के रूप में बूथों पर तैनात रहे। उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा नीरज मिश्रा के निर्देशन में कलेक्ट्रेट प्रखंड के डिवीजनल वार्डेन संजय कुमार राय की देखरेख में नागरिक सुरक्षा कलेक्ट्रेट प्रखंड के स्वयंसेवक अर्दली बाजार,टकटकपुर,भोजूबीर, पांडेयपुर, शिवपुर पहड़ियां, सरैया आदि क्षेत्रों में स्वयंसेवक द्विव्यांग मित्र के रूप में द्विव्यांगजनों व वृद्ध मतदाताओं की सहायता में पूरी मुस्तैदी से लगे रहे। कलेक्टर प्रखंड के डिवीजनल वार्डेन संजय कुमार राय और पोस्ट वार्डेन (आ.)अजय श्रीवास्तव ने भी बूथों पर चक्रमण कर जायजा लिया।


