अररिया : जिले के पलासी प्रखंड में मनरेगा की राशि के भुगतान में जमकर लूट हुई है। मनरेगा पीओ ने पंचायत समिति मद की राशि नियमों की अनदेखी कर लाखों रुपये प्रखंड प्रमुख पति, देवर आदि एक ही परिवारों के सदस्यों के नाम से भुगतान कर दिया है। जिसको लेकर पंचायत प्रतिनिधियों में खासी नाराजगी है।मामले को लेकर मुखिया संघ के अध्यक्ष मुर्शीद आलम और अन्य पंचायत के मुखिया ने डीडीसी को लिखित शिकायत की है। इधर मामले को गंभीरता से लेते हुए डीडीसी ने जांच कर दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का आश्वासन मुखिया संघ को दिया है।
डीडीसी को दिए गए आवेदन में पलासी मुखिया संघ के अध्यक्ष मुर्शीद आलम ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 ग्रामीण विकास विभाग के आदेश पर सामग्री मद में 409.80 लाख रुपये 20.5 फीसदी के हिसाब से बकाया भुगतान किया जाना था। लेकिन पलासी पीओ ने मनमाने तरीके से पंचायत समिति मद में प्रखंड प्रमुख चिंता देवी के पुत्र भेंडर यादव एंड सन्स में 90 लाख 92 हजार 173 रुपये देवर रंजीत कुमार यादव भेंडर को एक करोड़ 55 लाख 45 हजार रुपये भुगतान किया। इतना ही नहीं प्रखंड पति सदानंद यादव स्टार ब्रीकस को तीन लाख 62 हजार रुपये भुगतान किया। इस प्रकार एक परिवार में दो करोड़ 49 लाख 99 हजार से अधिक रुपये का भुगतान हुआ है। इसके अलावे पंसस योगेंद्र यादव को एक करोड़ 21 हजार 8 सौ रुपये भुगतान किया गया है।
मुखिया संघ अध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि पलासी प्रखंड के 21 पंचायतों में पौधारोपण के लिए एक करोड़ नौ लाख रुपये विभाग से भेजा गया। कई पंचायतों में सामग्री मद में राशि बकाया रहने के बावजूद रुपये भी नहीं भेजा गया। मुखिया ने आरोप लगाते हुए कहा कि पकरी पंचायत में कई ऐसी योजनाएं हैं। जिसमें पहले विधायक व सात निश्चय योजना से काम हुआ था, परंतु फर्जी कागजात लगाकर मनरेगा योजना से भी 46 लाख से अधिक की राशि भुगतान कर दिया गया है। इसके अलावे पोखर निर्माण आदि ऐसे कई कार्यों का गलत तरीके से भुगतान किया गया है। निष्पक्ष जांच होने पर करोड़ों रुपये वित्तीय अनियमितता उजागर होने का दावा किया गया। पलासी के विभिन्न पंचायतों के मुखिया ने डीडीसी को आवेदन देकर जांच कर कार्रवाई की मांग की है।


