spot_img

Varanasi : कांग्रेस की अब विदाई हो चुकी, राहुल गांधी हताश और निराश : अनुराग ठाकुर

वाराणसी : (Varanasi) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से गुरुवार को केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, खेल और युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर तंज कसते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि उनकी न्याय यात्रा की हवा निकल गयी है। अब हालत यह है कि राहुल गांधी की गाड़ी के आगे भी कोई नजर नहीं आ रहा है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि नेहरू गांधी परिवार की चार-चार पीढ़ियों को जनता का समर्थन मिला। अब उन्हें कोई पूछने नहीं आता। इससे साफ हो गया है कि कांग्रेस की अब विदाई हो चुकी है। दो दिवसीय दौरे पर शहर में आए केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर यहां पत्रकारों से मुखातिब थे। उन्होंने राहुल गांधी को हताश और निराश बता कर चुटकी लेते हुए कहा कि ऐसा व्यक्ति अब क्या कर सकता है। राहुल गांधी ने वायनाड जाकर उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए ऐसी बातें कही, जिससे हमें भी बहुत दुख हुआ।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सोच सनातन धर्म को अपमानित करने, देश को टुकड़ों में बांटने, सनातन समाज को अपमानित करने की है। धार्मिक स्थलों का विरोध करना कांग्रेस पार्टी की आदत है। भगवान राम के खिलाफ टिप्पणी करना, उत्तर दक्षिण को अलग करने की बात करना, टुकड़े-टुकड़े करने वाले लोगों का समर्थन करना कांग्रेस पार्टी की सोच और चरित्र को बताता है। कर्नाटक से ही कांग्रेस उम्मीदवार के राज्यसभा चुनाव जीतने पर पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगते हैं लेकिन राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे कुछ नहीं बोलते, बल्कि छिपाने का काम करते हैं। आखिर कांग्रेस कितना गिरेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बार इतनी भी सीट नहीं जीत पाएगी कि मुख्य विपक्षी दल बन सके। विरोधी दलों के ‘इंडिया’ गठबंधन को ठगबंधन बताते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि यह दिखावे का गठबंधन है। यह पूरी तरह से ठगबंधन है। वहीं, भाजपा पार्टी संगठन पर बल देती है। भाजपा में शीर्ष नेतृत्व के रूप में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं।

एक सवाल के जबाब में केन्द्रीय सूचना प्रसारण मंत्री ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतेगी। देश में 400 पार सीट जीतकर एक नया रिकॉर्ड कायम करना है। नरेंद्र मोदी के तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और विकसित राष्ट्र बनेगा। अधिक से अधिक मतदान के लिए युवाओं से अपील करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि मतदान कर देश को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दें।

Explore our articles