Home latest Ujjain: भस्म आरती में अर्धनारीश्वर स्वरूप में हुए भगवान महाकाल के दर्शन

Ujjain: भस्म आरती में अर्धनारीश्वर स्वरूप में हुए भगवान महाकाल के दर्शन

0
375

उज्जैन:(Ujjain) श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रावण माह के बुधवार को भस्म आरती के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गयी। इस दौरान भगवान महाकाल ने अर्धनारीश्वर स्वरूप में दर्शन दिए।

बुधवार तड़के भस्म आरती के लिए 3 बजे मंदिर के पट खुले। पुजारियों ने गर्भगृह में स्थापित सभी भगवान की प्रतिमाओं का पूजन कर भगवान महाकाल का जलाभिषेक और दूध, दही, घी, शक्कर, फलों के रस से बने पंचामृत से पूजन किया। सबसे पहले घंटाल बजाकर हरि ओम का जल अर्पित किया गया। कपूर आरती के बाद भगवान के मस्तक पर भांग, चंदन और त्रिपुंड अर्पित कर भगवान महाकाल का अर्धनारीश्वर स्वरूप में श्रृंगार किया गया। इसके उपरांत ज्योतिर्लिंग को कपड़े से ढंककर भस्म रमाई गई। इस दौरान सद्योजात, अघोर, तत्पुरुषाय, ईशान और वामदेव के मंत्रों का पाठ किया। भस्म अर्पित करने के पश्चात भगवान महाकाल को शेषनाग का रजत मुकुट रजत की मुंडमाल और रुद्राक्ष की माला के साथ साथ सुगन्धित पुष्प से बनी फूलों की माला अर्पित की गई। भगवान महाकाल ने मोगरे और गुलाब के सुगंधित पुष्प धारण किए।