
ठाणे : ठाणे महानगरपालिका क्षेत्र में अभी तक मनपा प्रशासन द्वारा वाहन पार्किंग हेतु नियोजन नहीं किया गया है। इसके बाद भी शहर में टोइंग वैन सक्रिय हो गया है। अवैध पार्किंग किए गए वाहनों को उठाने का सिलसिला शुरू कर दिया गया है। इसको लेकर मनसे ने विरोध जताया है। मनसे के पदाधिकारी और स्वामी फाउंडेशन के अध्यक्ष महेश कदम ने टोइंग वैन को लेकर जन जागरण अभियान की शुरुआत की है। उनका कहना है कि एक तो लोग कोरोना से उबर नहीं पाए हैं। ऊपर से टोइंग वैन के कारण लोगों को आर्थिक फटका पड़ेगा। इससे इनकार नहीं किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में चाहिए कि ठाणे मनपा प्रशासन शहर में पहले नियोजित पार्किंग की व्यवस्था करें।
टोइंग वैन को लेकर महेश कदम ने बुधवार को ठाणे महानगरपालिका मुख्यालय के समक्ष हाथ में फलक लेकर जनजागरण मुहिम की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि मनपा प्रशासन पार्किंग समस्या को लेकर पूरी तरह उदासीन है। शहर में नियोजित पार्किंग की व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण अवैध पार्किंग की स्थिति पैदा हो रही है। एक तो शहर में आबादी बढ़ने के साथ ही वाहनों की संख्या में भी तेज गति से वृद्धि हो रही है, लेकिन इसके बाद भी नियोजित पार्किंग को लेकर ठाणे मनपा प्रशासन किसी भी तरह की उपाय योजना नहीं कर रहा है, जो चिंता का विषय है। जिस तरह ठाणे शहर में हाकर पॉलिसी पर अमल हो रहा है, उसी तरह पार्किंग पॉलिसी को लेकर भी स्पष्ट उपाय योजना की जानी चाहिए। ऐसी उपाय योजना किए जाने के बाद ही शहर में टोइंग वैन को कार्रवाई करने हेतु अधिकृत किया जाना चाहिए । अन्यथा लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।


