
सांसद राजन विचारे ने रेलवे प्रशासन से की चर्चा
ठाणे : ठाणे के सांसद राजन विचारे ने शुक्रवार को लोकल ट्रेन सहित लंबी दूरी के ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों की समस्याओं को लेकर मध्य रेलवे के मुख्य प्रबंधक रजनीश कुमार गोयल से मुलाकात की और समस्याओं का जल्द निराकरण करने की मांग की। इस दौरान सांसद विचारे ने ठाणे रेलवे स्टेशन पर कल्याण और मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के बीच पैदल पुल का काम धीमी गति से चलने के कारण यात्रियों को गर्मी का सामना करना पडता है। रेल प्रशासन से पैदल पुल का काम जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की है.
ठाणे लोकसभा सांसद राजन विचारे ने मध्य रेल प्रबंधक रजनीश कुमार गोयल के सभागृह में आयोजित बैठक में ठाणे रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों के बढ़ते भार और रेल यात्रियों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया. इस दौरान रेल प्रशासन व मनपा के अधिकारी मौजूद थे. इसी समस्या को लेकर वे सेंट्रल रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार लाहोटी से भी मिले और उनका ध्यान यात्रियों की समस्या की ओर केंद्रित करवाया है।
ऐरोली कलवा एलिवेटेड परियोजना की तत्काल आवश्यकता
विचारे ने कहा कि ठाणे रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ठाणे-मुलुंड के बीच नया ठाणे रेलवे स्टेशन और ऐरोली कलवा एलिवेटेड परियोजना की तत्काल आवश्यकता है। इसलिए प्रशासन को इन दोनों परियोजनाओं को तेजी से पूर्ण करने का आदेश दिया गया हैं। ठाणे रेलवे स्टेशन पर लगभग 8 लाख यात्रियों की सुरक्षा की दृष्टि से आरपीएफ सुरक्षा बल बढ़ाया जाए, सीसीटीवी की संख्या बढ़ाई जाए, शिकायत निवारण केंद्र शुरू किया जाए, प्लेटफॉर्म पर आरपीएफ सुरक्षा रखी जाए रेलवे क्षेत्र में फेरीवालों पर नियंत्रण के लिए 24 घंटे के लिए फुटब्रिज, साथ ही रेलवे व मनपा के नोडल अधिकारियों की नियुक्ति करने की मांग विचारे ने की है। उन्होंने विकलांगों और महिलाओं के लिए प्लेटफार्मों पर स्वतंत्र शौचालयों के निर्माण, लिफ्टों के रखरखाव और मुंबई और नवी मुंबई के लिए लोकल ट्रेनों में वृद्धि की मांग भी की।


