खरखौदा दोस्त की शादी में गए थे युवक, वापिस लौटते हुए हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे
रोहतक : गांव भालौठ के पास मंगलवार अल सुबह एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। दोस्त की शादी में गए युवकों की घर वापसी के दौरान ट्रक में कार घुस गई, जिससे दोनो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भिजवा दिया।
पुलिस के अनुसार भालौठ निवासी अमन व दिनेश कार से अपने दोस्त की शादी में खरखौदा गए थे। जब बारात से वापिस घर आ रहे थे, तभी गांव भालौठ से थोड़ी दूरी पर ट्रक चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने पर कार ट्रक में जा घुसी। जिससे अमन व दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद काफी संख्या में राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए और इसी बीच सूचना मिलने पर परिजन व पुलिस भी मौके पर पहुंची। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अमन व दिनेश दोनो प्रोपर्टी डीलर का काम करते थे। पुलिस ने इस संबंध में परिजनों की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनो युवकों की मौत के बाद परिवार में मातम सा छा गया है।


