
रांची : (Ranchi) रांची सिविल कोर्ट (Ranchi Civil Court) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शनिवार को दूसरे दिन भी सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर में सघन जांच अभियान चलाया। रांची पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ते ने जिला जज, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (Chief Judicial Magistrate) (CJM) सहित सभी न्यायिक अधिकारियों के कक्षों और भवनों की बारीकी से तलाशी ली। जांच के दौरान किसी भी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है।
दरअसल, शुक्रवार को सिविल कोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी (Civil Court’s official email ID) पर एक अज्ञात संदेश भेजकर परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी थी और तत्काल जांच शुरू कर दी थी।
धमकी के बाद से ही पुलिस टीम कोर्ट परिसर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर कड़ी नजर रख रही है। संदिग्ध प्रतीत होने पर लोगों की तलाशी ली जा रही है और परिसर में मौजूद वस्तुओं की भी जांच की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को पूरी तरह खत्म किया जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी और जांच अभियान जारी रहेगा।


