रांची : वंदे भारत एक्सप्रेस का रविवार को तीसरा और फाइनल ट्रायल पटना और रांची स्टेशन के बीच किया गया। पटना से वंदे भारत ट्रेन जहानाबाद, गया, कोडरमा, हजारीबाग, बरकाकाना, बीआईटी मेसरा होते हुए एक बजे रांची जंक्शन पहुंची। रांची स्टेशन पर 30 मिनट तक रुकने के बाद ट्रेन पटना के लिए रवाना हो गयी। पटना से बरकाकाना के बीच ट्रेन के कोच संख्या सी-वन के गेट का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
बरकाकाना जंक्शन पर कुछ लोगों ने बोगी के गेट के शीशे को टूटा हुआ देखा। ट्रेन में मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अधिकारियों ने शीशा टूटने की सभी संभावनाओं की जांच की। शीशा कैसे टूटा, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। इससे पूर्व वंदे भारत एक्सप्रेस के तीसरे ट्रायल में सभी तकनीकी पहलूओं के साथ सुरक्षा, सफल परिवहन और ट्रैक स्पीड को जांचा गया।
रेलवे के अधिकारियों ने ट्रेन में बैठ कर इन सभी बिंदुओं का बारीकी से निरीक्षण किया। ट्रैक और ट्रेन और सेफ्टी मेजर्स पर नजर रखने वाले लोग ही ट्रेन में सफर कर सभी बिंदुओं को परखा। वंदे भारत ट्रेन की स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटा मिनिमम रखी गई है। हालांकि, पिछली बार ट्रेन 60 किलोमीटर की रफ्तार से चली थी। इससे पहले 12 जून को पहला और 18 जून को दूसरा ट्रायल रन किया गया था।
उल्लेखनीय है कि 27 जून को रांची से पटना वंदे भारत स्पेशल एक्सप्रेस 10:30 बजे खुलेगी।
रेलवे प्रबंधन ने 27 जून को फ्लैग ऑफ के लिए रांची से लेकर पटना तक पड़ने वाले सभी स्टेशनों को दुल्हन की सजाएगा। स्टेशनों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। पूरे कार्यक्रम का ऑनलाइन प्रसारण टीवी स्क्रीन के माध्यम से सभी स्टेशनों पर किया जाएगा। भारतीय रेलवे ने 28 जून से टिकटों की ऑनलाइन बिक्री भी शुरू कर दी है। वंदे भारत एक्सप्रेस में आठ कोच होंगे। चेयर कार में 423 और एग्जीक्यूटिव कार में 40 सीटें हैं। यात्रियों के लिए नाश्ता और खाने की व्यवस्था भी रहेगी।
कोडरमा के स्टेशन प्रबंधक रविंद्र कुमार ने बताया कि 27 जून को उद्घाटन होने के बाद यह ट्रेन नियमित तौर पर सप्ताह में मंगलवार छोड़कर छह दिन रांची से पटना तक चलेगी। कोडरमा, हजारीबाग, बरकाकाना समेत कई स्टेशनों पर इसका ठहराव होगा। इस ट्रेन का नंबर 02439 होगा।
वंदे भारत ट्रेन हटिया स्टेशन से अपराह्न बाद 3:55 बजे खुलेगी और शाम 4:10 बजे रांची स्टेशन पहुंचेगी। पांच मिनट के स्टॉपेज के बाद शाम 4:15 बजे पटना के लिए रवाना होगी। यह रात 10:10 बजे पटना पहुंचेगी। ट्रेन 6ः15 घंटे में 385 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसकी औसतन गति 61 किलोमीटर होगी।