spot_img

Ranchi : टेरर फंडिंग केस में अमित अग्रवाल के मामले में हुई बहस, एनआईए को जवाब के लिए मिला समय

रांची : (Ranchi) चतरा के टंडवा स्थित मगध और आम्रपाली कोल परियोजना से जुड़े टेरर फंडिंग मामले में आरोपित अमित अग्रवाल उर्फ सोनू अग्रवाल, अजय कुमार सिंह और सुदेश केडिया की याचिका की सुनवाई झारखंड हाई कोर्ट में शुक्रवार को हुई। मामले में अमित अग्रवाल की ओर से बहस हुई।
हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति रंगन मुखोपाध्याय की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने एनआईए को मामले में अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश देते हुए अगली सुनवाई 23 अप्रैल निर्धारित की है।

दरअसल, इन तीनों आरोपितों ने अपने खिलाफ किए गए चार्जफ्रेम एवं खारिज किए गए डिस्चार्ज पिटिशन को हाई कोर्ट में चुनौती दी है। रांची की एनआईए कोर्ट ने टेरर फंडिंग मामले में अमित अग्रवाल उर्फ सोनू अग्रवाल, सुदेश केडिया और अजय कुमार सिंह की डिस्चार्ज पिटिशन को खारिज कर दिया था। साथ ही कोर्ट ने उन पर चार्जफ्रेम कर दिया है, जिसे उन्होंने हाई कोर्ट में चुनौती दी है।
उल्लेखनीय है कि टेरर फंडिंग से जुड़े केस में रांची की एनआईए की विशेष अदालत में सुनवाई चल रही है। एनआईए ने टंडवा थाना में दर्ज प्राथमिकी को फरवरी 2018 को टेकओवर किया था। अनुसंधान के बाद एनआईए ने मामले में 17 आरोपितों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था।

Explore our articles