
आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj) गंगापार के थरवई थाने की पुलिस ने हत्या के एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। धरे गए अभियुक्त के खिलाफ थरवई थाने में विभिन्न धाराओं वाले कुल चार मामले पंजीकृत हैं। यह गिरफ्तारी 40 नंबर गुमटी के समीप से मुखबिर की सूचना पर की गई है।
प्रभारी निरीक्षक लोकेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि धारा 302, 120बी से संबंधित वांछित लेखराज पुत्र नरिभान (निवासी जैतवारडीह, थरवई) पुलिस को चकमा देकर फरारी काट रहा था। आज मुखबिर की सटीक सूचना पर लेखराज को उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब वह कहीं भागने की फिराक में था। थाने लाए गए लेखराज से पूछताछ की गई, इसके बाद उसका चालान भेज दिया गया।
लेखराज के खिलाफ धारा 302, 120बी के अलावा धारा 323, 336, 504, 506, 147, 452 और 174ए के कुल चार मामले पंजीकृत हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक के साथ सब इंस्पेक्टर अखिलेस कुमार, सोहराब अहमद और कांस्टेबल अमित कुमार, हरिओम, राकेश यादव, महिला कांस्टेबल सोनी वर्मा भी शामिल रहीं।


