
मकर संक्रांति की उदया तिथि में स्नान-ध्यान को उम़ड़ा जनसैलाब, चप्प-चप्पे पर तैनात रहे सुरक्षाकर्मी
सभी 16 स्नान घाटों पर विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों, पुलिस, जल पुलिस के साथ तैनात रहे गोताखोर
आलोक गुप्ता
प्रयागराज : मकर संक्रांति के दूसरे दिन उदया तिथि में पतित पावनी मां गंगा में डुबकी लगाने और ब्रह्मांड के नायक सूर्यदेव को जल चढ़ाने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। 14 जनवरी को भोर में शुरू हुआ स्नान शनिवार की रात में कुछ घंटों के लिए रुका, लेकिन रविवार को भोर में फिर से साधु-संतों, कल्पवासियों के स्नान के साथ गंगा में डुबकी लगाने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा।
स्नान के लिए माघ मेला क्षेत्र में बनाए गए सभी 16 घाटों पर पूर्वाह्न 10 बजे तक आठ लाख से अधिक श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगा चुके थे। हर-हर गंगे, जय गंगे मइया और हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ दिनभर स्नान-ध्यान का सिलसिला निर्बाध रूप से चलता रहा। घाट में कहीं पर भीड़ न जुटने पाए, इसके लिए विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों, पुलिस कर्मियों को लगाया गया था। इसके अलावा कंट्रोल रूम के द्वारा पब्लिक एड्रेस सिस्टम से भी लोगों को भीड़ न लगाने के लिए आगाह किया जाता रहा।

मकर संक्रांति के दूसरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ से पूरा मेला दिनभर गुलजार रहा। साधु-संत के पंडालों में भजन-कीर्तन के साथ प्रवचन सुनने वालों की भी भीड़ लगी रही। इसके अलावा मकर संक्रांति (खिचड़ी) के उपलक्ष्य में जगह-जगह भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें खिचड़ी और पूड़ी सब्जी का प्रसाद बांटा गया। इसके अलावा तमाम शहरियों के द्वारा चाय के स्टाल लगाए गए। बताते चलें कि मकर संक्रांति के पहले दिन 14 जनवरी को कुल 14.2 लाख लोगों ने गंगा में डुबकी लगाई थी। जबकि आज समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की तरफ से कुल स्नान करने वालों का आंकड़ा जारी नहीं किया गया था।
माघ मेला क्षेत्र में मेला प्रशासन के साथ-साथ जिला व पुलिस महकमे के आलाधिकारी दिनभर भ्रमण करते रहे और व्यवस्थाओं को बनाए रखने की हिदायत देते रहे। पुलिस, पीएसी, सिविल डिफेंस, नासुको, डीसीपीसी के सदस्य भी मेला क्षेत्र में निर्धारित स्थलों पर श्रद्धालुओं को रास्ता दिखाते रहे। वाच टावर व सीसीटीवी कैमरे से पूरे मेलाक्षेत्र पर नजर रखी गई।
मेलाधिकारी ने बताया कि माघ मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार की समस्या के निराकरण के लिए पांच टोल फ्री नंबर जारी किए गए हैं। इन टोल फ्री नंबरों (18001805340, 18001805341, 18001805349, 18001805350 और 18001805341) पर किसी भी तरह की समस्या के लिए फोन किया जा सकता है। यह नंबर 24 घंटे सक्रिय रहते हैं।


