आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj) प्रयागराज जंक्शन के समीप कार से दरोगा की पिस्टल चोरी होने के बाद से संबंधित दरोगा भी लापता हो गया है। मामले में तमाम छानबीन के बाद भी कोई पता नहीं चलने पर पुलिस ने दरोगा की गैरहाजिरी की रिपोर्ट दर्ज करते हुए तलाश शुरू कर दी गई है। पिस्टल चोरी होने का मामला बीते शनिवार का है। बताया जाता है कि जिस समय दरोगा की पिस्टल चोरी हुई थी, उस समय मौनी अमावस्या के मौके पर दरोगा की ड्यूटी जार्जटाउन थाना क्षेत्र में पार्वती हास्पिटल के पास लगाई गई थी।
जानकारी के मुताबिक करबला पुलिस चौकी प्रभारी जगनारायण सिंह की मौनी अमावस्या के मौके पर जार्जटाउन थाना क्षेत्र में ड्यूटी लगाई गई थी। शनिवार को वह अपनी कार से जंक्शन की तरफ गए थे। बताया जाता है कि इसी दौरान जग नारायण सिंह किसी कार्य से अपनी कार से उतरे और जब लौटकर आए तो कार में रखी उनकी सरकारी पिस्टल गायब थी। सरकारी पिस्टल गायब देख जगनारायण सिंह के होश उड़ गए। उन्होंने अपने स्तर पर पिस्टल की खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला।
गायब पिस्टल का पता चल पाता, इससे पहले ही चौकी प्रभारी जग नारायण सिंह गायब हो गए। उनके थाने नहीं पहुंचने पर पुलिस ने उनकी खोजबीन शुरू की। नैनी में उनके परिवार वालों से पुलिस उच्चाधिकारियों ने पूछताछ की, लेकिन उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। जग नारायण सिंह के दोनों मोबाइल नंबर भी स्विच आफ हैं। पिस्टल गायब होने के मामले में जगनारायण सिंह की तरफ से कोई भी जानकारी महकमे को नहीं दी गई है। इस मामले में उच्चाधिकारियों के निर्देश पर छानबीन की जा रही है। पुलिस उपाय़ुक्त (सिटी) संतोष कुमार मीना के मुताबिक गैरहाजिर चल रहे दरोगा की तलाश करवाई जा रही है।



