
मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर जांच कर रही मांडा पुलिस
आलोक गुप्ता
प्रयागराज: (Prayagraj) प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे के लिंक मार्ग बेला चौहान (थाना क्षेत्र मांडा) पर छह अक्टूबर को मिले अनिल कुमार गौतम के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया, लेकिन पीएम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। इस मामले में मृतक अनिल के भाई ने जो आशंका व्यक्त की थी, उससे भी कोई ठोस क्लू नहीं मिल सका। पीएम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ नहीं होने पर एक बार फिर से सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है।
मीडिया सेल के मुताबिक मिर्जापुर जनपद के थाना जिगना, ग्राम रामपुर, हंसवार का निवासी अनिल कुमार गौतम पुत्र बाबूलाल, छह अक्टूबर को बेला चौहान लिंक मार्ग पर मृत अवस्था में पाया गया था। उस समय घटनास्थल का मौका मुआयना के उपरांत पुलिस ने शव को चीरघर भेजा। प्राथमिक जांच में मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा था। फिर भी मृतक के भाई की सूचना के आधार पर शव का पीएम करवाया गया, लेकिन पीएम में भी मौत की वजह साफ नहीं होसकी है।
मौजूदा समय में मृतक के भाई ने कुछ लोगों पर आशंका जाहिर की है। इसके संबंध में भी अभी तक कोई पुख्ता तथ्य हाथ नहीं लगे हैं। जिससे यह इशारा मिलता कि अनिल की मौत में किसी का कोई हाथ है। पीएम रिपोर्ट में भी मौत का कारण अस्पष्ट होने पर सभी आशंकाओं और पहलुओं की गंभीरतापूर्वक जांच की जा रही है। जांच के दौरान मिलने वाले इनपुट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि अनिल की मौत के प्रकरण में किसी की संलिप्तता पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


