
नॉटिंघम : (Nottingham) न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन (New Zealand fast bowler Kyle Jamieson) इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में खेले जाने वाले तीसरे और निर्णायक टेस्ट मैच में नहीं खेलेंगे। न्यूजीलैंड टीम प्रबंधन ने उनके कार्यभार (workload) को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। टीम के कप्तान टॉम लैथम ने बुधवार को इसकी पुष्टि की।
करीब सात फीट लंबे तेज गेंदबाज जैमीसन (Jamison) ने लॉर्ड्स और द ओवल में खेले गए पहले दो टेस्ट मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 24.20 की औसत से 10 विकेट हासिल किए थे। तीन मैचों की श्रृंखला फिलहाल 1-1 से बराबरी पर है और अंतिम मुकाबला गुरुवार से नॉटिंघम में शुरू होगा।
पिछले कुछ वर्षों में पीठ की चोटों से जूझने वाले जैमीसन ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की है। उन्होंने पहले दो टेस्ट में कुल 65 ओवर गेंदबाजी की, जो दोनों टीमों के किसी भी गेंदबाज द्वारा डाले गए सबसे अधिक ओवर थे। ऐसे में न्यूजीलैंड ने एहतियातन उन्हें आराम देने का फैसला किया है।
कप्तान टॉम लैथम ने ट्रेंट ब्रिज में पत्रकारों से कहा,”काइल जैमीसन चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। शुरुआत से ही योजना थी कि वह दो टेस्ट मैच खेलेंगे।” उन्होंने आगे कहा,”वह पूरी तरह फिट हैं और किसी तरह की चोट नहीं है। पिछले दो-तीन वर्षों में उन्होंने जिस कठिन दौर का सामना किया है, उसे देखते हुए दो टेस्ट खेल पाना हमारे और उनके लिए बड़ी उपलब्धि है।”
जैमीसन की जगह तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर (Fast bowler Blair Tickner) को अंतिम एकादश में मौका मिल सकता है। इसके अलावा न्यूजीलैंड प्रबंधन बाएं हाथ के स्पिनर मिशेल सैंटनर को भी टीम में शामिल करने पर विचार कर रहा है। सैंटनर फिटनेस हासिल कर चुके हैं और नॉटिंघम में गर्म एवं शुष्क मौसम को देखते हुए स्पिन विकल्प अहम साबित हो सकता है।
ट्रेंट ब्रिज टेस्ट के पहले दो दिनों के लिए गर्मी की चेतावनी जारी की गई है, लेकिन लैथम ने इसे लेकर चिंता जताने से इनकार किया। उन्होंने कहा,”मैं इसे चिंता का विषय नहीं मानता। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर (international cricketers) होने के नाते हम दुनिया भर में गर्म और उमस भरी परिस्थितियों में खेलने के आदी हैं।”
लैथम ने खिलाड़ियों को हाइड्रेशन पर विशेष ध्यान देने की सलाह देते हुए कहा,”पांच दिनों तक अच्छा प्रदर्शन करने के लिए शरीर में पानी की पर्याप्त मात्रा बनाए रखना बेहद जरूरी है।” न्यूजीलैंड अब बिना जैमीसन के निर्णायक मुकाबले में उतरकर इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला जीतने की कोशिश करेगा।





