
नई दिल्ली : (New Delhi) घरेलू शेयर बाजार (domestic stock market) आज शुरुआती कारोबार के दौरान निचले स्तर से रिकवरी कर सपाट स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिल जाने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी आ गई। हालांकि पहले आधे घंटे के कारोबार के बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो जाने के कारण दोनों सूचकांक मामूली उतार-चढ़ाव के साथ सपाट स्तर पर कारोबार करने लगे। सुबह 11 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.08 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहा था, वहीं निफ्टी 0.07 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।
आज सुबह 11 बजे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से ओएनजीसी, एनटीपीसी, कोल इंडिया, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन और रिलायंस इंडस्ट्रीज (ONGC, NTPC, Coal India, Power Grid Corporation, and Reliance Industries) के शेयर 4.12 प्रतिशत से लेकर 1.69 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, इंफोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजी, टेक महिंद्रा और विप्रो के शेयर 6.09 प्रतिशत से लेकर 3.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,742 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,938 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 804 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 17 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 13 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 38 शेयर हरे निशान में और 12 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स (BSE Sensex) आज 487.07 अंक की गिरावट के साथ 83,252.06 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण पहले आधे घंटे के कारोबार में ये सूचकांक निचले स्तर से शानदार रिकवरी कर हरे निशान में 83,885.87 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बिकवाली का दबाव बनने की वजह से इस सूचकांक की चाल में मामूली कमजोरी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 11 बजे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 64.55 अंक की कमजोरी के साथ 83,674.58 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी (NSE Nifty) ने आज 52.50 अंक टूट कर 25,675.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी का सपोर्ट मिल जाने के कारण ये सूचकांक उछल कर 25,801.80 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफा वसूली होने शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में उतार चढ़ाव होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 11 बजे का कारोबार होने के बाद निफ्टी 17.30 अंक की उछाल के साथ 25,744.85 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 2,072.67 अंक यानी 2.54 प्रतिशत की मजबूती के साथ 83,739.13 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 639.15 अंक यानी 2.55 प्रतिशत की उछाल के साथ 25,727.55 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।


