Home Delhi NEW DELHI : रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने गणतंत्र दिवस पर भारत को...

NEW DELHI : रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने गणतंत्र दिवस पर भारत को बधाई दी

0
178

नयी दिल्ली : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 74वें गणतंत्र दिवस के मौके पर बृहस्पतिवार को भारत को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह वैश्विक स्थिरता और सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

रूसी दूतावास के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे एक संदेश में पुतिन ने आर्थिक, सामाजिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और अन्य क्षेत्रों में भारत की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी और कहा कि वह भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी के लिए नयी महत्वाकांक्षाओं को स्थापित करने की खातिर उत्सुक हैं।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भारत के गणतंत्र दिवस मनाने के बीच मैं अपने प्रिय मित्र नरेंद्र मोदी और भारत के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। मैं जी20 और हमारी भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी के लिए एक साथ नयी महत्वाकांक्षाओं को स्थापित करने की खातिर उत्सुक हूं…।’’

इस साल भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी के 25 साल पूरे हो रहे हैं।

पुतिन ने अपने संदेश में कहा, “आर्थिक, सामाजिक, वैज्ञानिक, तकनीकी और अन्य क्षेत्रों में भारत की उपलब्धियां सर्वज्ञात हैं।… आपका देश अंतरराष्ट्रीय स्थिरता और सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं क्षेत्रीय और वैश्विक एजेंडे पर महत्वपूर्ण मुद्दों के समाधान के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।”

पुतिन का यह बयान यूक्रेन विवाद को लेकर रूस एवं पश्चिमी देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच आया है। भारत बातचीत और राजनय के जरिए संघर्ष के समाधान पर जोर देता रहा है।

पुतिन ने कहा कि भारत के साथ अपनी विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को रूस “विशेष महत्व” देता है। उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि एक साथ मिल कर काम करके हम सभी क्षेत्रों में परस्पर लाभकारी द्विपक्षीय सहयोग को लगातार आगे बढ़ा सकते सकते हैं।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here