
डॉलर के मुकाबले 96.35 पर बंद
नई दिल्ली : (New Delhi) कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, अमेरिका-ईरान तनाव और मजबूत डॉलर के दबाव में भारतीय रुपया (Indian Rupee) सोमवार को 54 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर (US dollar) के मुकाबले अब तक के सबसे निचले स्तर 96.35 (अस्थायी) पर बंद हुआ।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय (interbank foreign exchange market) बाजार में रुपया 96.19 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान गिरकर 96.39 तक पहुंच गया। शुक्रवार को भी रुपया पहली बार 96 के स्तर से नीचे फिसलकर 95.81 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं पर दबाव बढ़ा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 0.65 प्रतिशत चढ़कर 109.97 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
डॉलर इंडेक्स में 0.14% गिरावट
दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स 0.14 प्रतिशत गिरकर 99.14 पर रहा। इस बीच भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) के अनुसार आठ मई को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 6.29 अरब डॉलर बढ़कर 696.98 अरब डॉलर हो गया। इससे पिछले सप्ताह यह 690.69 अरब डॉलर था।


