नई दिल्ली : केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर निदेशालय ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता चुनौतियों से निपटने की दिशा में एक उल्लेखनीय कदम उठाया है। ग्रामीण स्वच्छता निदेशालय जम्मू-कश्मीर ने देश के सर्वोच्च वीरता पुरस्कार, परमवीर चक्र विजेता व पूर्व सैनिक कैप्टन बाना सिंह को जम्मू और कश्मीर में ‘कचरे के खिलाफ जंग” पहल के लिए राजदूत के रूप में मनोनीत किया है। ग्रामीण स्वच्छता, जम्मू-कश्मीर निदेशालय ने बाना सिंह स्टेडियम आरएस पुरा जम्मू में चल रहे स्वच्छता ही सेवा के दौरान इसकी घोषणा की।
इस मौके पर जम्मू-कश्मीर ग्रामीण स्वच्छता के निदेशक चरणदीप सिंह ने कहा कि परमवीर चक्र विजेता कैप्टन बाना सिंह के इस अभियान में शामिल होने से जागरूकता बढ़ेगी, स्थायी प्रथाओं को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय समुदायों को कचरे में कटौती और जम्मू-कश्मीर के प्राकृतिक वैभव के संरक्षण में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
इस दौरान कैप्टन सिंह ने इस नई भूमिका पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जिस तरह से मैंने देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया अब उसी तरह से पर्यावरण की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हूं। जम्मू और कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता एक राष्ट्रीय खजाना है, ऐसे में हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि आने वाली पीढ़ियों के लिए यह अपरिवर्तित रहे।



