
नई दिल्ली : (New Delhi) दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) समेत देश के उत्तर-पश्चिम क्षेत्रों में 19-22 जून के दौरान तेज हवाओं तथा गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। दूसरी ओर देश के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) (IMD) के अनुसार दिल्ली में 19 जून को सुबह या दोपहर के समय 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं और गरज के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। इस दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 40-42 डिग्री सेल्सियस और 27-29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
बीस जून को भी यही स्थिति रहेगी। यहां का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 36-38 डिग्री सेल्सियस और 28-30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, 21 जून को दोपहर और शाम के समय तेज हवाओं और गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दिन अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 36-38 डिग्री सेल्सियस और 29-31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग (Meteorological Department) के मुताबिक इस सप्ताह पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। बीस जून तक विदर्भ, तेलंगाना के कुछ इलाकों में, तटीय आंध्र प्रदेश में लू चलने की बहुत संभावना है। अगले 4-5 दिनों के दौरान तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार एवं छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं।
उत्तर-पश्चिम भारत के 18 से 22 जून के दौरान पूर्वी राजस्थान, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 19-22 जून तक कहीं-कहीं या छिटपुट बारिश होने की संभावना है। हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और पंजाब में 19-22 जून के दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली हवाओं की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक जा सकती हैं।
मध्य भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के कुछ जगहों पर हल्की और कुछ जगहों पर अगले छह दिनों के दौरान भारी वर्षा होने के आसार हैं। इस बीच, इन क्षेत्रों में तेज रफ्तार की हवाएं चलने की संभावना है।
मध्य भारत में 20 जून तक अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है और उसके बाद कोई खास बदलाव नहीं होगा। पूर्वी भारत में 20 जून तक धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होगी और उसके बाद कोई खास बदलाव नहीं होगा। पूर्वी और उत्तर प्रदेश में 19-24 जून, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तेलंगाना और विदर्भ में 19-20 जून के दौरान लू चलने की बहुत संभावना है।
उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग (Meteorological Department) ने दिल्ली में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और दोपहर या शाम के दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं और गरज के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान लगाया था।





