spot_img

New Delhi : सेशेल्स में 16 मित्र देशों के साथ ‘कटलैस एक्सप्रेस’ में शामिल हुआ आईएनएस तीर

भारतीय नौसेना बैंड ने राष्ट्रीय संग्रहालय में प्रदर्शन करके मंत्रमुग्ध कर दिया
अभ्यास में अमेरिका और अफ्रीकी देशों के अधिकारियों की भी मौजूदगी रही
नई दिल्ली : (New Delhi)
भारतीय नौसेना की फर्स्ट ट्रेनिंग स्क्वाड्रन (1टीएस) के प्रमुख जहाज आईएनएस तीर ने सेशेल्स के पोर्ट विक्टोरिया में 16 मित्र देशों के साथ ‘कटलैस एक्सप्रेस’ (‘Cutlass Express’) अभ्यास में हिस्सा लिया। इस अभ्यास का उद्घाटन सेशेल्स के राष्ट्रपति ने किया, जिसमें भारत, अमेरिका और अफ्रीकी देशों के अधिकारियों की मौजूदगी रही। अभ्यास के दौरान समुद्री अंतर्विरोध संचालन, विजिट बोर्ड खोज, जब्ती प्रक्रियाओं और गोताखोरी संचालन के सैद्धांतिक और व्यावहारिक पहलुओं पर फोकस किया गया।

सेशेल्स के पोर्ट विक्टोरिया में 26 फरवरी से 08 मार्च तक चले अभ्यास कटलैस एक्सप्रेस में प्रतिभागी 16 मित्र देशों की नौसेनाओं के साथ भारतीय नौसेना सक्रिय रूप से जुड़ी हुई है। भारतीय नौसेना 2019 से इस अभ्यास में भाग ले रही है। समुद्री चरण के दौरान जहाज की वीबीएसएस (विजिट, बोर्ड, सर्च, सीजर) टीम सेशेल्स कोस्ट गार्ड (एससीजी) के जहाज एलई विजिलेंट पर सवार हुई और बोर्डिंग ऑपरेशन की प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया। भारतीय गोताखोरों ने अमेरिका और सेशेल्स के गोताखोरों के साथ कठोर प्रशिक्षण सप्ताह के बाद संयुक्त गोताखोरी अभियान चलाया।

अभ्यास का समापन समारोह 08 मार्च को सेशेल्स रक्षा अकादमी, इले पर्सिवरेंस में हुआ। भारतीय जहाज ने अमेरिकी नौसेना के छठे बेड़े के उप कमांडर आर एडमिरल केल्विन एम फोस्टर की मेजबानी की, जिन्होंने भारतीय नौसेना की महत्वपूर्ण भूमिकाओं को सराहते हुए समुद्री सहयोग के महत्व और क्षेत्र में साझा प्रतिबद्धता पर अपने विचार साझा किए। इससे पहले भारतीय युद्धपोत आईएनएस तीर ने 01 से 03 मार्च तक सेशेल्स तटरक्षक के साथ संयुक्त ईईजेड निगरानी की थी। सेशेल्स में प्रवास के दौरान सेशेल्स रक्षा बलों के साथ पेशेवर आदान-प्रदान, क्रॉस डेक दौरे और मैत्रीपूर्ण खेल कार्यक्रम आयोजित किए गए।

भारतीय नौसेना बैंड ने पोर्ट विक्टोरिया के राष्ट्रीय संग्रहालय में प्रदर्शन करके भारी भीड़ को मंत्रमुग्ध कर दिया। पोर्ट कॉल के दौरान प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के वरिष्ठ अधिकारी कैप्टन अंशुल किशोर ने सेशेल्स के विदेश मामलों और पर्यटन मंत्री सिल्वेस्ट्रे राडेगोंडे, सेशेल्स रक्षा बलों के प्रमुख ब्रिगेडियर माइकल रोसेट और सेशेल्स में भारत के उच्चायुक्त कार्तिक पांडे से शिष्टाचार मुलाकात की। सेशेल्स में आईएनएस तीर की मौजूदा तैनाती और अभ्यास कटलैस एक्सप्रेस में भागीदारी संयुक्त प्रशिक्षण दोनों देशों के बीच दोस्ती की दिशा में भारतीय नौसेना और क्षेत्रीय नौसेनाओं के बीच घनिष्ठ संबंधों को रेखांकित करती है।

Deoria : महिला आरक्षण बिल का विरोध कर कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष ने महिलाओं का अपमान किया : दयाशंकर सिंह

देवरिया : (Deoria) उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री ( स्वतंत्र प्रभार ) दयाशंकर सिंह (Dayashankar Singh, the Minister of State for Transport (Independent...

Explore our articles