Home latest New Delhi : एशियाई खेलों में शूटिंग में भारत का शानदार प्रदर्शन...

New Delhi : एशियाई खेलों में शूटिंग में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी

0
526

नई दिल्ली/हांगझोऊ: (New Delhi/Hangzhou) चीन के हांगझोऊ में खेले जा रहे एशियाई खेलों में शूटिंग में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। रविवार को भारत को इस स्पर्धा में एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक मिला। रविवार सुबह पुरुष ट्रैप टीम ने स्वर्ण पदक पर निशाना लगाया। महिला ट्रैप टीम ने रजत पदक अपने नाम किया। किनान चेनाई ने पुरुषों के व्यक्तिगत ट्रैप में कांस्य पदक जीता।

आज सुबह शूटर पृथ्वीराज टोंडिमान, जोरावर सिंह और किनान चेनाई की पुरुष ट्रैप टीम ने एशियाई खेलों में स्वर्ण जीता। भारतीय निशानेबाजी तिकड़ी ने पुरुषों की ट्रैप टीम स्पर्धा में 361 के रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

महिला ट्रैप टीम स्वर्ण पदक से चूक गई। मनीषा कीर, प्रीति रजक और राजेश्वरी कुमारी की भारतीय निशानेबाजी तिकड़ी ने रविवार को महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा में 337 अंकों के साथ रजत पदक हासिल किया। चीन ने निशानेबाजी की इस श्रेणी में रिकॉर्ड स्थापित करते हुए कुल 357 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता।

इसके अलावा किनान चेनाई ने पुरुषों के व्यक्तिगत ट्रैप में भी कांस्य पदक जीता। उन्होंने 32 अंकों के साथ कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। किनान पुरुषों के ट्रैप व्यक्तिगत फाइनल में तीसरे स्थान पर रहे। इस स्पर्धा में चीन को स्वर्ण और कुवैत को रजत पदक मिला।