spot_img

New Delhi : भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है: विजेंद्र गुप्ता

नई दिल्ली : (New Delhi) दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में आयोजित बिजनेस कॉनक्लेव में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है।

विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि हम आज एक ऐसे भारत की बात करने के लिए एकत्र हुए हैं जो अवसरों की धरती होने के साथ-साथ सेंटर ऑफ इन्वेंशन है और विकास की नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तत्पर है। भारत सिर्फ एक देश नहीं, बल्कि संभावनाओं का महासागर है।
गुप्ता ने कहा कि बिजनेस कॉन्क्लेव श्रीराम कॉलेज का प्रतिष्ठित वार्षिक प्रबंधन उत्सव है। यह एशिया के सबसे बड़े स्नातक प्रबंधन उत्सवों में से एक माना जाता हैl
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारत में हर क्षेत्र में अरबों डॉलर के अवसर मौजूद हैं। हमारे पास 1.4 अरब लोगों की विशाल जनसंख्या है। हर व्यापार के लिए ग्राहक पहले से मौजूद हैं। यही कारण है कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। भारत आज एआई अपनाने में अग्रणी है, जहां 80 प्रतिशत कंपनियां इसे अपनी प्राथमिक रणनीति के रूप में देख रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में हर दिन 50 स्टार्टअप्स भारत में पंजीकृत हुए हैं। हर महीने एक नया यूनिकॉर्न स्टार्टअप जन्म ले रहा है।

विकास में महिलाओं के योगदान की चर्चा करते हुए गुप्ता ने कहा कि भारत की प्रगति केवल आर्थिक और तकनीकी क्षेत्रों तक सीमित नहीं है। बल्कि महिला सशक्तीकरण में भी भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है और यह हमारे लिए गर्व की बात है कि भारत अब महिला विकास से महिला-नेतृत्व में विकास की ओर बढ़ रहा है।
विजेंद्र गुप्ता ने भारत की एआई क्रांति की बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत पहली बार एआई इकोसिस्टम को प्रत्यक्ष रूप से समर्थन दे रहा है। उन्होंने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि भारत ने जीपीयू मार्केटप्लेस खोलकर एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। यह दुनिया का पहला ऐसा सरकारी प्रयास है, जिससे छोटे स्टार्टअप, शोधकर्ता और विद्यार्थी उच्च स्तरीय एआई संसाधनों तक आसानी से पहुंच बना सकते हैं। जबकि अन्य देशों में एआई का बाज़ार केवल बड़ी टेक कंपनियों तक सीमित है, भारत में इसे सभी के लिए सुलभ बनाया जा रहा है।

गुप्ता ने कहा कि पूंजी बाजार की बढ़ती संभावनाएं और घरेलू सूचीबद्धता के लाभ स्टार्टअप्स को भारत वापस आने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। यह प्रवृत्ति भारत को एक वैश्विक स्टार्टअप हब बनाने में मदद करेगी और यह साबित करती है कि देश का व्यापारिक माहौल अब पहले से कहीं अधिक अनुकूल हो चुका है
उन्होंने कहा कि आज भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। यह तकनीक और नवाचार में अग्रणी है। यह महिलाओं के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। यह भारत के विश्व गुरु बनने की ओर बढ़ने का समय है। भारत पर विश्वास करें क्योंकि भारत का भविष्य उज्जवल है।

Explore our articles