spot_img

New Delhi : सीएजी ऑडिट रिपोर्टों पर दिल्ली विधानसभा में हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक

  • विधानसभा अध्यक्ष ने 20 अप्रैल तक शराब की सप्लाई और रेगुलेशन पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए

नई दिल्ली : (New Delhi) दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने शुक्रवार को विधानसभा में भारत के महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्टों पर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने की। बैठक में विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, लोक लेखा समिति के अध्यक्ष अजय महावर, सरकारी उपक्रमों पर समिति के अध्यक्ष गजेंद्र ड्राल, अतिरिक्त मुख्य सचिव (वित्त) और दिल्ली की महालेखाकार रोली शुक्ला मालगे मौजूद रहीं।
विधानसभा अध्यक्ष ने 20 अप्रैल तक शराब की सप्लाई और रेगुलेशन पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही विधानसभा अध्यक्ष ने 30 अप्रैल तक बाकी सभी कैग रिपोर्टों पर एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक को संबोधित करते हुए विजेंद्र गुप्ता ने ऑडिट टिप्पणियों पर समयबद्ध कार्रवाई के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने शासन में उत्तरदायित्व और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मजबूत तंत्र विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में उपस्थित समितियों और विभागीय अधिकारियों ने ऑडिट सिफारिशों के प्रभावी अनुपालन के लिए संस्थागत समन्वय को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक के दौरान महालेखा परीक्षक (ऑडिट), दिल्ली द्वारा नवीनतम ऑडिट रिपोर्टों की प्रमुख टिप्पणियों एवं निष्कर्षों पर एक विस्तृत प्रस्तुति दी गई। इसके बाद ऑडिट पैरा मॉनिटरिंग सिस्टम (एपीएमएस) के क्रियान्वयन की स्थिति और दिल्ली विधानसभा के द्वितीय सत्र के दौरान प्रस्तुत रिपोर्टों से संबंधित “एक्शन टेकन नोट्स” पर व्यापक चर्चा हुई।

Explore our articles