New Delhi : भगोड़े विजय माल्या और ललित मोदी लंदन में पार्टी करते दिखे, वीडियो देख मचा हंगामा

0
38

नई दिल्ली : (New Delhi) आर्थिक मामलों में भगोड़े कारोबारी विजय माल्या और ललित मोदी (businessmen Vijay Mallya and Lalit Modi) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वे दोनों लंदन की एक पार्टी में गाना गाते और मस्ती करते दिख रहे हैं। कार्यक्रम में वेस्टइंडिज के पूर्व क्रिकेटर क्रिस गेल (Former West Indies cricketer Chris Gayle) भी शामिल थे।

दरअसल, ये वीडियो ललित मोदी ने ही अपने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ तथा ‘इंस्टाग्राम’ पर साझा किया है। इस वायरल वीडियो क्लिप में दोनों को फ्रैंक सिनात्रा (Frank Sinatra) का माई वे गाना गाते और लंदन में मस्ती करते हुए देखा जा सकता है। इस पार्टी में दुनियाभार के 300 से ज्यादा चुनिंदा लोगों को ही आमंत्रित किया गया था।

क्रिस गेल ने ललित मोदी और विजय माल्य के साथ अपनी तस्वीर इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की थी। उन्होंने कैप्शन में लिखा था, हम इसका भरपूर आनंद ले रहे हैं। एक शानदार शाम के लिए धन्यवाद। साथ ही दोनों को टैग भी किया। ललित मोदी ने यह वीडियो शेयर करके लिखा कि इस शाम में शामिल होने वाले और इसे मेरे लिए सबसे खास रातों में से एक बनाने वाले सभी लोगों का धन्यवाद।

विजय माल्या (Vijay Mallya) पर बैंकों से लिए गए 9,000 करोड़ के कर्ज में गड़बड़ी का आरोप है। यह लोन उनकी बंद हो चुकी किंगफिशर एयरलाइंस से जुड़ा है। माल्या साल 2016 में देश छोड़कर लंदन भाग गए थे, 2019 में उन्‍हें आधिकारिक रूप से भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया गया। हालांकि, इन आरोपों पर विजय माल्या ने पहली बार चुप्पी तोड़ी और एक पॉडकास्ट में कहा कि बैंकों की तरफ से उनसे करीब 14 हजार करोड़ वसूल लिया गया है।

वहीं, ललित मोदी (Lalit Modi) पर भी करोड़ाें रुपये की हेराफेरी का आरोप है। यह पूरा मामला साल 2009 में साउथ अफ्रीका में हुए आईपीएल मैच से जुड़ा हुआ है। उस दौरान ईडी ने ललित मोदी पर आरोप लगाया था कि उन्होंने आईपीएल को शिफ्ट करने के लिए पैसों का लेन-देन किया है। इसको लेकर ईडी ने ललित मोदी पर 10.65 करोड़ का जुर्माना भी लगाया था।