spot_img
Home latest New Delhi : ईएसआईसी कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओडिशा में...

New Delhi : ईएसआईसी कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओडिशा में खोलेगा सात अस्पताल

0
183

अस्पतालों के निर्माण के लिए 1,128 करोड़ रुपये की मंजूरी दी
राजस्थान के अलवर में एक उप-क्षेत्रीय कार्यालय खोला जायेगा
नई दिल्ली : (New Delhi)
कर्मचारी राज्य बीमा निगम (Employees’ State Insurance Corporation) (ईएसआईसी) ने कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओडिशा में सात ईएसआई अस्पतालों के निर्माण के लिए 1,128.21 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। ईएसआईसी के ये अस्पताल हारोहल्ली, नरसापुर, बोम्मासांद्रा (कर्नाटक), मेरठ, बरेली (उत्तर प्रदेश), पीथमपुर (मध्य प्रदेश) और दुबुरी (ओडिशा) में बनाए जाएंगे।

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि केंद्रीय श्रम सचिव सुमिता डावरा की अध्यक्षता में मंगलवार को यहां ईएसआईसी की स्थायी समिति की हुई बैठक में कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओड़िशा में सात ईएसआई अस्पतालों के निर्माण कराने का निर्णय लिया गया। ईएसआईसी की स्थायी समिति इसके लिए 1,128.21 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है। इस बैठक में राजस्थान के अलवर में एक उप-क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित करने का निर्णय भी लिया गया।

केंद्रीय श्रम सचिव सुमिता डावरा की अध्यक्षता में हुई बैठक में बीमित श्रमिकों और उनके परिवार के सदस्यों को चिकित्सा देखभाल और नकद लाभ की उपलब्धता बढ़ाने से संबंधित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मंत्रालय के मुताबिक इन अस्पतालों का निर्माण जल्द शुरू होगा। इन अस्पतालों के जरिए ईएसआईसी के मौजूदा चिकित्सा बुनियादी ढांचे में 800 बिस्तर जुड़ेंगे।

श्रम मंत्रालय के मुताबिक अलवर जिले में ईएसआईसी उप-क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना से अलवर, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, भरतपुर और डीग में रहने वाले बीमा के दायरे में आने वाले लगभग 12 लाख कर्मचारी और ईएसआई योजना के लाभार्थी को फायदा मिलेगा। पिछले 10 साल के दौरान ईएसआई योजना के तहत आने वाले जिलों की संख्या 666 और बीमित श्रमिकों की संख्या 3.43 करोड़ हो गई है।