spot_img

New Delhi : स्वाति मालीवाल के आरोप का दिल्ली पुलिस ने दिया जवाब

नई दिल्ली: (New Delhi) राजधानी के जंतर मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों से मिलने न देने का दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के आरोप का जवाब देते हुए दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को कहा कि कानून सम्मत तरीके से जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे किसी भी प्रदर्शनकारी को मिलने से किसी को भी रोका नहीं गया।

स्वाति ने आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस जंतर मंतर पर धरना दे रहीं महिला पहलवानों और उनके समर्थकों से किसी को मिलने नहीं दे रही है।इस बाबत उन्होंने एक वीडियो भी ट्वीट किया था। इस आरोप पर दिल्ली पुलिस ने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली पुलिस विधि सम्मत प्रदर्शन के अधिकार का सम्मान करती है। कानून सम्मत तरीके से जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे किसी भी प्रदर्शनकारी को मिलने से किसी को भी रोका नहीं गया है।

उल्लेखनीय है कि बुधवार रात को स्वाति मालीवाल प्रदर्शन स्थल पर गई थीं, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया था कि पुलिस जान बूझकर प्रदर्शनकारियों से किसी भी नेता को मिलने नहीं दे रही है। दिल्ली पुलिस चाहती है कि प्रदर्शन समाप्त कर दिया जाए।उल्लेखनीय है कि पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ पिछले कुछ दिनों से जंतर मंतर पर धरना दे रहे हैं।

Explore our articles