9.8 C
London
Saturday, June 3, 2023
HomelatestNew Delhi : कर्नाटक की जनता से किये सभी वादे पूरे करेगी...

New Delhi : कर्नाटक की जनता से किये सभी वादे पूरे करेगी कांग्रेस : खड़गे

सिद्धारमैया व शिवकुमार के साथ आठ अन्य विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ
शपथ ग्रहण समारोह को विपक्षी एकता का मंंच बनाने की रही कोशिश
नई दिल्ली: (New Delhi)
कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी की नई सरकार के गठन को लेकर बाद पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कर्नाटक की जनता से किये गये सभी वादे को पूरा किये जाएंगे।बेंगलुरु में एक भव्य समारोह में सिद्धारमैया ने सूबे के मुख्यमंत्री और डीके शिवकुमार ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह बेंगलुरु के श्रीकांतीरवा स्टेडियम में आयोजित किया गया था। कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने दोनों नेताओं और उनके मंत्रिमंडल को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कई विपक्षी दलों के नेता भी मौजूद रहे।समारोह में पार्टी अध्यक्ष खड़के ने कहा कि चुनाव के समय जिन पांच वादों को कांग्रेस ने कर्नाटक की जनता से किया था, उसे तय समय में पूरा किया जाएगा।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी अपने संबोधन में कहा कि कर्नाटक की जनता ने मोहब्बत की दुकान खोल कर नफरत की दुकान को बंद कर दिया है। राहुल ने शपथ ग्रहण समारोह में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कर्नाटक की जनता से जो पांच वादे किए हैं, उसे पूरा किया जाएगा।आगे उन्होंने दावा किया कि अगले एक दो घंटे में कर्नाटक की नई सरकार की पहली कैबिनेट की बैठक होनी है। बैठक में हमारे जो पांच वादे हैं, वे कानून बन जाएंगे। कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस पर भरोसा जताया है। इसके लिए राज्य की जनता बधाई की पात्र है।

सिद्धारमैया व शिवकुमार के साथ आठ अन्य विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के साथ-साथ कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने आठ अन्य विधायकों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई, जिनमें डॉ. जी परमेश्वर, केएच मुनियप्पा, केजे जॉर्ज, एमबी पाटिल को कैबिनेट मंत्री और सतीश जारकीहोली, प्रियांक खड़गे, रामालिंगा रेड्डी और जमीर अहमद खान को राज्यमंत्री पद की शपथ दिलाई।

विपक्षी एकता का मंच बना शपथ ग्रहण समारोह

सिद्धारमैया के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस ने विपक्षी एकता की ताकत को प्रदर्शित करने की तमाम कोशिशें कीं। इसके लिये समान विचारधारा के अन्य दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया था। समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, डी राजा और सीताराम येचुरी (लेफ्ट), एमके स्टालिन, शरद पवार, फारूख अब्दुल्ला, कमल हासन और महबूबा मुफ्ती शामिल हुईं।

सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने इस समारोह के लिए भारतीय जनता पार्टी, आम आदमी पार्टी (आप), बीजू जनता दल (बीजेडी), तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की पार्टी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस), आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी, केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन को आमंत्रण नहीं दिया था।

हालांकि, समारोह में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और मायावती नजर नहीं आईं। कहा तो यह भी जा रहा है कि ममता बनर्जी को आमंत्रण दिया गया था, लेकिन वे नहीं आईं।शपथ ग्रहण समारोह के मंच पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ व अन्य कांग्रेस नेता नजर आए।

उल्लेखनीय है कि 13 मई को कर्नाटक में कांग्रेस ने 224 सीटों में से 135 सीटों पर जीत हासिल कर राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनी। यहां भाजपा 66 और जेडीएस 19 सीट जीत पाने में कामयाब हुई। लेकिन मुख्यमंत्री पद को लेकर सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच हुए तकरार को सुलह कराने में कांग्रेस आलाकमान को पांच दिन मान-मनौव्वल करना पड़ा।समारोह में बारी-बारी से कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और राहुल गांधी दोनों ने कहा कि उन्हें कर्नाटक की जनता से किये गये पांचों वादे याद हैं और पहली कैबिनेट बैठक में उसे पूरा करेंगे।

उल्लेखनीय है कि चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस ने कहा था कि अगर राज्य में उनकी सरकार बनी तो 200 यूनिट बिजली फ्री देंगे, गरीब परिवार की मुखिया महिला को 02 हजार रुपये महीन, महिलाओं के लिए यातायात मुफ्त, बेरोजगारों को दो साल तक भत्ता – ग्रेजुएट को तीन हजार, डिप्लोमा को डेढ़ हजार और बीपीएल परिवारों को दस किलो चावल मुफ्त देंगे।

इससे जुडी खबरें

सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली खबर