नई दिल्ली : (New Delhi) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली के व्यापार एवं औद्योगिक संगठनों के साथ विकसित दिल्ली बजट पर दिल्ली विधानसभा में आयोजित संवाद में विस्तृत विचार-विमर्श किया। इस संवाद सत्र में दिल्ली के विभिन्न व्यापार एवं औद्योगिक संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया और उन्होंने बजट से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव दिए।
इस कार्यक्रम के दौरान सीएम रेखा गुप्ता के साथ सांसद प्रवीण खंडेलवाल भी शामिल रहे। चर्चा के दौरान पिछली सरकार द्वारा लागू की गई अव्यावहारिक नीतियों, इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास, सफाई, शौचालय की उपलब्धता, मूलभूत सुविधाओं की दिक्कतों, प्रदूषण आदि संबंधित विषयों को मुख्य रूप से औद्योगिक संगठन द्वारा उठाया गया। उन्होंने कहा कि सरकार दिल्ली के व्यापार एवं औद्योगिक संगठनों को ईज ऑफ डूइंग बिज़नेस की सारी सुविधा मुहैया कराएगी।
संवाद के बाद पत्रकारों को जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि हमें खुशी है कि इतनी कम अवधि में निमंत्रण मिलने पर भी आज दिल्ली के व्यापार एवं औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हमारे साथ मिलकर विकसित दिल्ली बजट का प्रारूप तैयार करने के लिए अपने सुझाव और अपेक्षाओं को साझा किया। उन्होंने आगे बताया कि दिल्ली के राजस्व को बढ़ाने के लिए हमारे व्यापार एवं औद्योगिक संगठन मुख्य भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार केवल दर्द का प्रचार करती रही लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार उस दर्द का उपचार करेगी। हमारे संकल्प पत्र में किए गए सभी वादों को हम पूरी तत्परता और ईमानदारी से पूरा करेंगे। इस संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य दिल्ली के नागरिकों का साथ उनकी समस्याओं पर चर्चा कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना और बजट को उन सभी वर्गों की जरूरतों के मुताबिक बनाना है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की नीति और नियत दोनों साफ है। दिल्ली सरकार दिल्ली और दिल्लीवालों के चहुंमुखी विकास को लेकर कृतसंकल्पित है। हमारा उद्देश्य है कि यह बजट दिल्ली की जनता को कई बड़ी सौगात दे और उनके जीवन में और खुशहाली लेकर आ सके।


