नई दिल्ली : (New Delhi) दिल्ली पुलिस ने दिल्ली जल बोर्ड के बोरवेल में गिरे एक व्यक्ति की मौत के संबंध में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि मृतक की अभी तक पहचान नहीं की जा सकी है।डीसीपी विचित्र वीर ने बताया कि विकासपुरी पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 304ए (लापरवाही से मौत) के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले की जांच की जाएगी। पुलिस ने बताया कि 40 फुट गहरे बोरवेल में गिरे व्यक्ति को बाहर निकालने के लिए लगभग 15 घंटे तक बचाव अभियान चलाये जाने के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी और रविवार को व्यक्ति का शव बोरवेल से बाहर निकाल लिया गया था।
इस मामले में मृतक की अबतक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मृतक की शिनाख्त के लिए कोशिश कर रही है, क्योंकि मृतक की पहचान होने के बाद ही उसके घर वालों से यह पता चल सकेगा कि वे लोग कहां के रहने वाले हैं और वह एसटीपी प्लांट के अंदर क्यों घुसा था।


