spot_img
HomelatestNagpur : महाराष्ट्र में भाजपा के खराब प्रदर्शन के बाद फडणवीस से...

Nagpur : महाराष्ट्र में भाजपा के खराब प्रदर्शन के बाद फडणवीस से मिले संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी

नागपुर : लोकसभा चुनाव में भाजपा के खराब प्रदर्शन के बाद गुरुवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नागपुर में उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस से मुलाक़ात की। फडणवीस ने राज्य में भाजपा की हार की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की पेशकश की थी। इसके बाद अब संघ के पदाधिकारियों की इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारे में चर्चा छिड़ गई है।

लोकसभा चुनाव में राज्य की 48 सीटों में से भाजपा को 9, शिवसेना को 7 और एनसीपी को 1 सीट यानी 17 सीटों से संतोष करना पड़ा है। इस खराब प्रदर्शन के बाद फडणवीस ने हार की जिम्मेदारी लेकर कल अपने इस्तीफे की पेशकश करते हुए पार्टी नेतृत्व से दायित्वों से मुक्त करने की बात कही थी। उन्होंने यह भी कहा कि वह विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी संगठन में काम करने के लिए तैयार हैं। इस घोषणा के दूसरे दिन गुरुवार को संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी फडणवीस के नागपुर स्थित आवास पर पहुंचे।

नागपुर के रेशमबाग स्थित संघ कार्यालय में फिलहाल संघ शिक्षा वर्ग चल रहा है। इस वर्ग के चलते संघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारी इस समय नागपुर में हैं। संघ के सह सरकार्यवाह अतुल लिमये आज दो अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ फडणवीस के आवास पर पहुंचे। संघ पदाधिकारियों ने फडणवीस से करीब 2 घंटे तक चर्चा की। इसके बाद दोपहर में फडणवीस दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

उप मुख्यमंत्री फडणवीस से संघ के अधिकारियों की मुलाकात का प्रयोजन क्या था या क्या चर्चा हुई, इस बारे में फिलहाल जानकारी नहीं मिल सकी है। महाराष्ट्र में चुनाव नतीजों के बाद उभरे राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए संघ के पदाधिकारियों की मुलाकात पर काफी चर्चाएं हो रही हैं।

spot_imgspot_imgspot_img
इससे जुडी खबरें
spot_imgspot_imgspot_img

सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली खबर