बविआ ने भाजपा पर जमकर साधा निशाना, उद्धव ठाकरे को भी लिया आड़े हाथ
मुंबई : (Mumbai) अगर 35 साल में हमें कोई खत्म नहीं कर सका, तो आप क्या कर पाओगे? हमारी पार्टी के खिलाफ दुष्प्रचार किया जा रहा है कि बहुजन विकास आघाडी को वोट देने का मतलब बीजेपी को वोट देना है। यह गलत है। हमने कभी धर्म के आधार पर राजनीति नहीं की, बल्कि हर जाति और धर्म के नागरिकों को न्याय दिया है। सभी को साथ लेकर चलने की हमारी संस्कृति रही है। यह बातें बहुजन विकास आघाडी (बविआ) के अध्यक्ष हितेंद्र ठाकुर ने कहीं। वे नालासोपारा पश्चिम के श्रीप्रस्थ क्षेत्र में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। सभा के दौरान हितेंद्र ठाकुर ने डहाणू में उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा लगाए गए आरोपों पर जमकर पलटवार किया। ठाकुर ने कहा कि इस बार मोदी सरकार चार सौ तो दूर की बात है, दो सौ सीटें भी नहीं पार कर पाएगी।
गत मंगलवार को पालघर में महायुति की एक सभा को संबोधित करते हुए राज्य के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बहुजन विकास आघाडी पर तंज कसते हुए कहा था कि शेर की खाल पहनने से कोई शेर नहीं बन जाता, मेंढक जैसे देखने वाले मेंढक ही रहेंगे। उन्होंने बविआ को उखाड़ फेंकने और समेट देने की बात कही थी। पालक मंत्री पर 100 करोड़ रुपये की वसूली के आरोप लगाने वाले बयान पर कायम रहते हुए हितेंद्र ठाकुर ने कहा कि मैंने कुछ भी गलत नहीं कहा है। उल्लेखनीय है कि बहुजन विकास आघाडी को पालक मंत्री रवींद्र चव्हाण ने 5 करोड़ रुपये के मानहानि का नोटिस भेजा है।
इस दौरान बविआ प्रत्याशी राजेश पाटिल ने वाढवन बंदरगाह मामले में उद्धव ठाकरे पर दोहरी भूमिका निभाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री थे, तो वहां के नागरिक वाढवन बंदरगाह से जुड़े मामले को लेकर उनके पास जाते थे। उस समय शिवसेना के उद्योग मंत्री सुभाष देसाई ने विधानमंडल में 16 हजार करोड़ रुपये की मंजूरी दी थी। पर अब वे टिप्पणी कर रहे हैं कि वे इसके विरोध में हैं। पाटिल ने कहा है कि वे एक तरह से दोहरी भूमिका दिखा रहे हैं। सभा को वसई-विरार शहर मनपा के प्रथम महापौर राजीव पाटील, प्रथम महिला महापौर प्रवीणा ठाकुर, पूर्व महापौर नारायण मानकर आदि ने भी संबोधित किया। सभा में बड़ी संख्या में बहुजन विकास आघाडी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में पालघर सीट के लिए 20 मई को वोटिंग होनी है। इस सीट पर महायुति से भाजपा के उम्मीदवार हेमंत विष्णु सावरा चुनाव मैदान में हैं। वहीं बहुजन विकास आघाडी (बविआ) ने बोईसर के विधायक राजेश पाटील और महाविकास आघाडी ने शिवसेना (उद्धव) की प्रत्याशी भारती कामड़ी को मैदान में उतारा है।





